posted on : September 25, 2025 7:00 pm

गोपेश्वर (चमोली)। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने गुरूवार को महाविद्यालय गोपेश्वर में छात्र संघ चुनाव को अपने हितों के हिसाब से चलाने और लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाते हुए उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत के पुतले की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाल कर मुख्य तिराहे पर दाह संस्कार किया।

गौरतलब है कि महाविद्यालय गोपेश्वर में छात्र संघ चुनाव में एनएसयूआई के प्रत्याशी किशन सिंह बर्त्वाल को पहले पास और कुछ ही मिनटों के अंदर श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के पोर्टल पर फेल दर्शा दिया गया था। इस पर महाविद्यालय में काफी हंगामा हुआ और उसके बाद छात्र संघ चुनाव स्थगित कर दिए गए। इसी को लेकर गुरूवार को एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने उच्च शिक्षा मंत्री रावत का पुतला बनाकर प्रतीकात्मक तौर पर शव यात्रा निकाली जो कॉलेज गेट से होते हुए गोपेश्वर के मुख्य तिराहे पर पहुंची। जहां पर पुतले का दहन किया गया।

एनएसयूआई के नेता सूर्यप्रकाश पुरोहित ने आरोप लगाते हुए कहा कि छात्र संघ चुनाव की अधिसूचना जारी होने से ठीक पहले विश्वविद्यालय प्रशासन ने जानबूझकर एनएसयूआई के छात्र नेता किशन बर्तवाल को फेल कर दिया। उनका कहना है कि यह सब दबाव में आकर किया गया है,जिससे किशन बर्त्वाल को चुनाव लड़ने से रोका जा सके। उन्होंने इसे लोकतंत्र की हत्या करार देते हुए कहा कि सरकार छात्र राजनीति को दबाने का प्रयास कर रही है। चेतावनी दी कि अगर विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपनी मनमानी बंद नहीं की, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी मांग है कि किशन बर्तवाल के परीक्षा परिणाम की पुनः जांच कर उन्हें न्याय दिलाया जाए, सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन छात्र राजनीति में अनावश्यक हस्तक्षेप बंद करे। पुरोहित ने कहा कि जब तक छात्रों के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा नहीं होगी, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। इस मौके पर सूर्य पुरोहित, मुकुल बिष्ट, नितिन नेगी, रोहन, दीपक, अतुल, हिमांशु आदि मौजूद रहे।

 

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!