- टीम चमोली के सामूहिक प्रयास से हासिल हुआ लक्ष्य
- चयनित विद्यार्थियों को प्रोजेक्ट के लिए मिलते हैं 10 हजार रुपये
गोपेश्वर (चमोली)। भारत सरकार की इंस्पायर अवार्ड मानक योजना में चमोली ने शत-प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य हासिल किया है। इस उपलब्धि पर मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत और जिला इंस्पायर अवार्ड प्रभारी गंभीर सिंह असवाल ने पूरी टीम को बधाई दी है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी ने कहा कि यह उपलब्धि बेहतर समन्वय, सतत अनुश्रवण और टीम की प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारियों, खंड एवं उप शिक्षा अधिकारियों, ब्लॉक व संकुल समन्वयकों, विद्यालयों के संस्थाध्यक्षों और समन्वयकों समेत योजना से जुड़े सभी अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि योजना की तैयारियां अंतिम समय में शुरू करने के बजाय अप्रैल से ही विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों को नवाचार के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। शिक्षकों और विद्यालयों को इंस्पायर मानक ऐप डाउनलोड करने का भी सुझाव दिया गया है, ताकि योजना से संबंधित सूचनाएं और कार्य आसानी से किए जा सकें।
जिला इंस्पायर अवार्ड प्रभारी गंभीर सिंह असवाल ने बताया कि जिन छात्र-छात्राओं के आइडिया चयनित होते हैं, उन्हें प्रोजेक्ट तैयार करने के लिए 10 हजार रुपये की सहायता दी जाती है। विद्यार्थियों का चयन जनपद से राष्ट्रीय स्तर तक प्रतियोगिता के आधार पर होता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि चमोली से अपलोड किए गए अधिकाधिक नवाचारी और गुणवत्तापूर्ण विचारों का चयन होगा।
