जोशीमठ (चमोली)। चमोली जिले में लम्बे समय से बारिश न होने बेमौसमी आग वन विभाग के लिये आफत का सबब हो गई है। मंगलवार को जोशीमठ में नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के जोगीधारा क्षेत्र में अचानक लगी आग से लाखों की वन सम्पदा जलकर खाक हो गई है। सूचना मिलने के बाद पार्क प्रशासन की टीम यहां आग बुझाने का प्रयास कर रही है।
मंगलवार को नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के जोशीमठ के समीप स्थिति जोगीधार के वन क्षेत्र में दोपहर में अचानक आग धधक उठी। क्षेत्र में सूखी घास होने के चलते देखते ही देखते आग ने विकराल रुप धारण कर लिया। वहीं बदरीनाथ हाईवे साहित आसपास का पूरा क्षेत्र धुएं से पट गया। जंगल में आग लगने की सूचना मिलते ही पार्क प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के प्रयास शुरु कर दिये। लेकिन चट्टानी हिस्सा होने के चलते यहां आग पर काबू पाने में वन कर्मियों को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। ऐसे में यहां लाखों की वन सम्पदा जल कर राख में तब्दील हो गई है। वहीं इससे पूर्व भी पार्क को बेमौसमी वनाग्नि से लाखों का नुकसान हो चुका है। वन क्षेत्र अधिकारी विजय लाल आर्य का कहना है कि इन दिनों लम्बे समय से बारिश न होने के कारण जंगलों में नमी खत्म हो गई है। जिससे आग की विकरालता और गति तेजी से बढ जाती है और वन सम्पदा को भारी नुकसान होता है। उन्होंने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते 13 वन कर्मियों को क्षेत्र में आग को काबू में करने के लिये भेजा गया है। वहीं आग बुझाने के लिये अग्नि शमन विभाग की भी मदद ली जा रही है। जल्द ही आग पर काबू पा लिया जाएगा।
