गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिला पंचायत की पहली बैठक में थराली और नंदानगर को राष्ट्रीय आपदा क्षेत्र घोषित करने का प्रस्ताव ध्वनि मत से पारित किया गया।
जिला पंचायत चमोली की प्रथम बैठक अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। सदन में थराली एवं नंदानगर क्षेत्र में आई आपदा को राष्ट्रीय आपदा ग्रस्त क्षेत्र घोषित करने हेतु ध्वनिमत से प्रस्ताव पारित किया। बैठक में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सभी सदस्यों का स्वागत किया गया। अपर मुख्य अधिकारी तेज सिंह ने जिला पंचायत की कार्य प्रणाली की जानकारी पीपीटी के माध्यम सदन को दी।
बैठक में सर्वसम्मति से जिला पंचायत की 6 समितियों निर्माण समिति, जल प्रबंधन एवं विविधता प्रबंधन समिति, नियोजन एवं विकास समिति, स्वास्थ्य एवं कल्याण समिति, शिक्षा समिति तथा प्रशासनिक समिति का गठन किया गया। अध्यक्ष के उपयोग हेतु पुराने वाहन को निष्प्रयोज्य कर नया वाहन क्रय करने, कार्यालय भवन व शिविर आवास की आवश्यक मरम्मत कराने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
बैठक में उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खत्री, सदस्य प्रदीप बुटोला, विक्रम सिंह, रमा देवी, सरोजनी देवी, उर्मिला बिष्ट सहित वित्तीय परामर्शदाता शैलेन्द्र सिंह बुटोला, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एमएस बिष्ट, प्रशासनिक अधिकारी केसी जोशी एवं अन्य सभी जिला पंचायत कार्मिक मौजूद रहे। बैठक का संचालन अपर मुख्य अधिकारी तेज सिंह ने किया।
