posted on : October 31, 2021 2:04 pm

विकासनगर/देहरादून। देहरादून के विकास नगर में एक यूटिलिटी के खाई में गिरने से करीब 13 लोगों घटना स्थल पर ही मौत हो गई है। जबकि बच्चे समेत दो गंभीर घायल हैं। ग्रामीणों ने मौके पर खुद ही रेस्क्यू आपरेशन चलाया और शवों को खाई से बाहर निकाला, जबकि घायलोंको उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। मुख्यमंत्री सीएम पुष्कर सिंह धामी ने वाहन दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से मृतकों की आत्मा को शांति और स्वजन को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तेजी से राहत और बचाव कार्य करते हुए घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार चकराता तहसील के भरम खत के बायला गांव से विकासनगर जा रही यूटिलिटी रविवार सुबह पीएमजीएसवाई के बायला-पिंगुवा मार्ग पर गांव से आगे अचानक अनियंत्रित हो गई। सड़क के पैराफिट को तोड़ते हुए खाई में गिर गया। हादसे में यूटिलिटी सवार 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बायला निवासी पांच साल का बच्चा और पिंगुवा निवासी एक अन्य ग्रामीण गंभीर घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बायला, बुल्हाड़, आसोई, बेगी और आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने स्वयं रेस्क्यू कर खाई में फंसे शवों को किसी तरह बाहर निकाला। स्थानीय ग्रामीण घायलों को उपचार के लिए चकराता अस्पताल ले गए।

बायला के क्षेत्र पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह चैहान ने कहा हादसे में मृतकों की पहचान मातबर सिंह (40) पुत्र भगत सिंह, पत्नी रेखा देवी (32) और डेढ़ वर्षीय पुत्री तनवी, रतन सिंह (45) पुत्र रतराम, जयपाल सिंह चैहान (40) पुत्र भाव सिंह, अंजलि (15) पुत्री जयपाल सिंह चैहान, नरेश चैहान (35) पुत्र भाव सिंह, साधराम (55) पुत्र गुलाब सिंह, दान सिंह (50) पुत्र रतू, ईशा(18) पुत्री गजेंद्र, काजल (17) पुत्री जगत वर्मा सभी निवासी बायला-चकराता, जीतू (35) पुत्र नामालूम निवासी क्वानू-मलेथा व हरिराम शर्मा (48) पुत्र नामालूम निवासी सिरमौर हिमाचल समेत तेरह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा घायलों में स्थानीय निवासी दो लोग शामिल हैं।

सीएम ने घटना पर जताया शोक, मजिस्ट्रीय जांच के आदेश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चकराता क्षेत्र के अंतर्गत बुल्हाड़-बायला मार्ग पर हुई वाहन दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से मृतकों की आत्मा को शांति और स्वजन को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तेजी से राहत व बचाव कार्य करते हुए घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि घायलों के उपचार के लिए एवं मृतकों के स्वजन को राज्य सरकार द्वारा हर संभव मदद दी जाएगी। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, आयुक्त गढ़वाल एवं जिलाधिकारी देहरादून घटना स्थल के लिए रवाना हो चुके हैं। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी देहरादून को वाहन दुर्घटना की मजिस्ट्रीयल जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने परिवहन विभाग को सख्त निर्देश दिए हैं कि वाहनों में ओवर लोडिंग न हो। यदि इस तरह की कोई बात आती है, तो संबंधित अधिकारी पर कड़ी कारवाई की जाए।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!