posted on : December 1, 2021 7:23 pm

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर में भारतीय जनता पार्टी का बुधवार को प्रबुद्ध जन सम्मेलन का आयोजन किया गया। जनपद चमोली के तीनों विधानसभाओं के प्रबुद्ध जनों का एक विशाल सम्मेलन किया गया। इस सम्मेलन में बतौर मुख्य वक्ता पूर्व राज्य मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि समाज की उन्नति में प्रबुद्ध जनों का महत्वपूर्ण योगदान होता है जब जब किसी भी समाज में प्रबुद्ध जन आगे खड़े होकर नई दिशा देते हैं तो पूरा समाज खड़ा होकर उनके पद चिन्हों पर चलकर अपनी उन्नति करता है।

पूर्व राज्य मंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में जिस प्रकार से पूरे भारतवर्ष  एवं राज्य में आसुरी प्रवृत्ति की विचारधारा रखने वाले लोगों की तादाद बढ़ने लगी है। देश की अखंडता और अस्मिता को खंडित करने का कुत्सित प्रयास किया जा रहा है। यह हम सब के लिए महत्वपूर्ण विचारणीय प्रश्न है। हमें सजग प्रहरी की तरह रहकर इन मंसूबों को कामयाब नहीं होने देना होगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जिस प्रकार से कई दशकों बाद भारतवर्ष दुनिया में फिर से अपनी ख्याति, शौर्य, पराक्रम को साबित करने में सफल सिद्ध हुआ है। यह एक मजबूत नेतृत्व का ही परिणाम है देश में कुछ विघटनकारी ताकतों को यह रास नहीं आ रहा है, इसलिए सब मिलकर देश की अखंडता एवं अस्मिता को खंडित करने में एकजुट होकर पूरी ताकत के साथ लगे हुए हैं परंतु यह भारतवर्ष है और यह देव भूमि उत्तराखंड है। यहां हम सबके रोम-रोम में देश भक्ति एवं राष्ट्रप्रेम कूट-कूट कर भरा हुआ है। हम सब खड़े होकर ऐसी ताकतों का मुंहतोड़ जवाब देंगे ऐसी अपेक्षा समाज बुद्धिजीवी जनों से रखता है।

इस अवसर पर बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ने कहा कि जब जब देश पर संकट आया है तो समाज में प्रबुद्ध जनों ने पूरा सहयोग समाज के लिए समर्पित किया है ऐसे एक नहीं अनेकों उदाहरण हमारे समक्ष हैं। भाजपा के जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि जिस प्रकार से समाज में प्रबुद्ध जन भिन्न-भिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग कार्यों के माध्यम से समाज की सेवा करते आए हैं वर्तमान समय में भी हमारी महत्वपूर्ण भूमिका बन जाती है कि हम सबको समाज की दिशा एवं दशा सही हो इसका प्रयास करना चाहिए। इस अवसर पर थराली विधायक मुन्नी देवी शाह, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक सुनील कोठियाल, बदरीनाथ विधानसभा प्रभारी रमेश मैखुरी, थराली विधानसभा प्रभारी गजेंद्र रावत, कर्णप्रयाग विधानसभा प्रभारी राकेश जोशी, जिला पंचायत सदस्य विक्रम सिंह बत्र्वाल, राजेंद्र हटवाल, महावीर सिंह आदि मौजूद थे।

 

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!