गोपेश्वर (चमोली)। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ ने दो सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई को लेकर चमोली जिले में तीन दिवसीय कार्य बहिष्कार का ऐलान कर दिया है। संघ की ओर से साम से नौ दिसम्बर तक जहां आवश्यक सेवाओं को छोड़ कर अन्य कार्यों का बहिष्कार किया जाएगा, वहीं मांगों पर कार्रवाई न किये जाने पर 10 दिसम्बर से जिले में एनएचएम की सभी सेवाएं अनिश्चित काल के लिये बंद कर आंदोलन शुरु कर दिया जाएगा।
एनएचएम संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष डा. राहुल बिष्ट का कहना है कि कर्मचारी लंबे समय से हरियाणा की तर्ज पर ग्रेड वेतमान का लाभ देने और आउटसोर्सिंग के अनुबंधित कर्मचारियों को राज्य एवं जिला स्वास्थ्य समिति से नियुक्ति देने की मांग की जा रही है। लेकिन सरकार की ओर से मांग पर वर्तमान तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। जिससे एनएचएम में तैनात कर्मचारी अपने भविष्य को लेकर आशंकित हैं। ऐसे में संघ के प्रांतीय नेतृत्व की ओर से मामले में कार्य बहिष्कार कर आंदोलन का निर्णय लिया है। जिस क्रम में सात दिसम्बर से आंदोलन का प्रथम चरण शुरु किया जाएगा।
