posted on : December 14, 2021 5:11 pm

पोखरी (चमोली)। चमोली जिले के पोखरी में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा का सम्मेलन आयोजित किया गया। जिसमें महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विधायक ऋतु खंडूरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में मातृ शक्ति का सम्मान होता है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सर्वप्रथम बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान देकर मात्रृ शक्ति का सम्मान बढ़ाया है, वहीं भाजपा की सरकार ने ही पंचायत चुनाव में हो अथवा स्थानीय निकाय चुनाव में 50 फीसदी आरक्षण दिया है।

पोखरी में सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जहां पहले की सरकारों के समय महिलाएं घर गृहस्ती खेती-बाड़ी एवं घरेलू कार्यों में ही अपना संपूर्ण जीवन खफा देती थी, वहीं आज के समय में महिलाएं विकास की मुख्यधारा में जुड़ कर विकास कार्य में अपनी सहभागिता निभा रही है। देश के प्रधानमंत्री ने महिलाओं को सभी संस्थानों में सहभागिता का अवसर प्रदान किया है। आज सेना हो अथवा अन्य कोई सेवा हो महिलाओं को पूर्ण अवसर मिला है। इसी का नतीजा है कि महिलाएं अपनी प्रशासनिक क्षमता से देश की सेवा कर रही है। इस अवसर पर भाजपा के जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी की सरकारों ने महिला सशक्तिकरण को सबसे अधिक महत्व दिया है। अनेकों योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि नंदा गौरा कन्या धन योजना के माध्यम से 12वीं पास बालिकाओं को 51 हजार की धनराशि दी जा रही है, वहीं मेधावी छात्राओं को लैपटॉप भी वितरित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में बदरीनाथ के विधायक महेंद्र भट्ट ने कहा कि हमारी राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान के लिए एवं महिलाओं की आर्थिक उन्नति के लिए अनेकों कार्य कर रही है। अनेकों सरकारी योजनाओं से महिलाओं को लाभ देकर सशक्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को आजीविका मिशन के माध्यम से अनुदान देकर कारोबार में उन्नति हो आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है, वहीं महिला मंगल दलों को सशक्त करने के लिए सभी पंजीकृत महिला मंगल दलों को 15 हजार की राशि सीधे खाते में दी जा रही है, इतना ही नहीं हमारी सरकार ने पति के पैतृक संपत्ति में बराबर के हकदार के लिए कानून बनाया है। इसके माध्यम से महिलाएं भी संपत्ति के आधार पर अपने उद्योग धंधे लगाकर अपनी आर्थिकी को बढ़ा सकती है। उन्होंने कहा कि बदरीनाथ विधानसभा में सभी महिला मंगल दलों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सांस्कृतिक सामग्री एवं अन्य सामग्रियों का वितरण भी किया गया है।

इस मौके पर महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष चंद्रकला तिवारी ने सरकार की ओर से चलायी जा रही योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सुकन्या योजना में जीरो से 18 वर्ष की बालिकाओं को इस योजना के तहत जोड़कर लाभ ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधवा पेंशन वृद्धा पेंशन, विकलांग पेंशन में वृद्धि कर सबका सम्मान बढाया है। वर्तमान समय में मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना किट के माध्यम से भी मातृशक्ति को सशक्त करने का बीड़ा भारतीय जनता पार्टी ने उठाया है। इसलिए सभी को भारतीय जनता पार्टी पर विश्वास करते हुए मजबूत करना होगा ताकि समय-समय पर अनेकों प्रकार की योजनाओं का लाभ महिलाओं के प्रति संवेदनशील रहने वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार अधिक से अधिक लाभ दे सके। कार्यक्रम में महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रितु खंडूरी, बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट, पूर्व राज्य मंत्री एवं महिला मोर्चा की जिला प्रभारी सुषमा रावत, जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट, जिला प्रभारी विजय कपरुवाण, केदारनाथ की पूर्व विधायक आशा नौटियाल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष चंद्रकला तिवारी, डा. हिमानी वैश्णव, वत्सला सती, सतेश्वरी टम्टा, कला पाठक, फातिमा बेगम आदि मौजूद थे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!