गोपेश्वर (चमोली)। जिला प्रशासन चमोली ने सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को मदद पहुंचाने वाले नागरिकों को सम्मानित करने की एक अभिनव पहल शुरू की है। सोमवार को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के शुभारंभ पर जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया की अध्यक्षता में क्लेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सड़क दुर्घटनाओं में सराहनीय कार्य करने वाले नागरिकों को सम्मानित किया गया।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा अभियान के पहले दिन सड़क दुर्घटनाओं के दौरान घायलों की मदद करने वाले नागरिकों को प्रशस्ति पत्र, प्रतीक चिह्न एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा किसी दुर्घटना में घायल व्यक्ति की जान बचाना सबसे पुनीत कार्य है। पिछले वर्ष सड़क दुर्घटनाओं में कुछ नागरिकों ने मानवता का परिचय देते हुए लोगों की जान बचाने में अपना अमूल्य योगदान दिया है। जिला प्रशासन ऐसे लोगों का सम्मान करता है। उन्होंने कहा कि ये नागरिक आगे भी ब्रांड एम्बेसडर के रूप में कार्य करेंगे और प्रेरणास्रोत बनकर अन्य लोगों को भी ऐसे पुनीत कार्याे के लिए प्रेरित करेंगे। बताया कि 18 जनवरी से 17 फरवरी एक माह तक सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए आम जनमानस को यातायात नियमों के प्रति अधिकाधिक जागरूक किया जाएगा। इस दौरान जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए आम नागरिकों से भी अपने सुझाव साझा करने की बात कही।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चैहान ने कहा कि दुर्घटना में लोगों की मदद करने वाले व्यक्ति को पुलिस कभी भी किसी तरह से परेशान नही करती है और ना ही करेगी। बल्कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने पर पुलिस ऐसे लोगों को गुड सेमिरिटन के तौर पर सम्मानित ही करती है। कहा कि दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति के पास पहला आधा घंटा गोल्डन आवर होता है और इस दौरान घायल व्यक्ति को तुंरत उपचार मिले तो उसकी जान बचने की ज्यादा उम्मीद रहती है। इसलिए जब भी आपके आसपास कोई दुर्घटना होती दिखे तो बिना किसी डर के तुंरत घायलों की मदद करें और उन्हें शीघ्र अस्पताल तक पहुंचायें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी हंसा दत्त पांडेय, अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार चन्याल, एसीएमओ डा. उमा रावत आदि मौजूद थे।

 

ये हुए सम्मानित

जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया, पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चैहान एवं सीडीओ हंसादत्त पांडे ने विभिन्न सड़क दुर्घटनाओं में सराहनीय कार्य करने वाले नागरिकों को सम्मानित किया। एआरटीओ कार्यालय में कार्यरत पीआरडी जवान दौलत सिंह, देवाल निवासी देवसिंह, राजेन्द्र सिंह, सैंजी निवासी प्रताप सिंह बिष्ट, अवतार सिंह के साथ ही छह नेपाली युवकों जिनमें करन सिंह, धन बहादुर, हरीश बहादुर, जय बहादुर, सूरज बहादुर तथा गुरखा बहादुर शामिल है को सम्मानित किया गया। 

 

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
                   
                                                         

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!