posted on : December 23, 2022 7:34 pm

गोपेश्वर (चमोली)। कांग्रेस पार्टी चमोली के जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का भारत जोड़ो अभियान पूरे देश में सफल रहा है। यह अभियान एक निश्चित क्षेत्र से होकर अब समापन की ओर अग्रसरित है। जिसकी सफलता को देखते हुए कांग्रेस पार्टी ने अखिल भारतीय स्तर पर गांव-गांव तक हाथ से हाथ जोड़ो  अभियान चलाने का निर्णय लिया है जो आगामी 26 जनवरी से शुरू किया जाएगा।

शुक्रवार को गोपेश्वर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस पार्टी चमोली के जिलाध्यक्ष ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि भाजपा इतनी बौखलाहट में है कि वह कांग्रेस के नेताओं को तारगेट कर उन पर तमाम तरह से परेशान करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में लोग मंहगाई और बेरोजगारी से त्रस्त लेकिन इस पर सरकार का कोई ध्यान नहीं है। उल्टा जनता का ध्यान भटकाने के लिए हिंदू, मुस्लिम का कार्ड खेला जा रहा है। और देश में सांप्रदायिकता का माहौल पैदा किया जा रहा है। लेकिन भाजपा का यह खेल ज्यादा दिन तक नहीं चलने वाला है। जनता अब समझने लगी है यही कारण है कि हाल के उप चुनावों से लेकर विधान सभा चुनावों में भाजपा को कई स्थानों पर हार का मुंह देखना पड़ा है। उन्होंने बताया कि बहुत जल्द ही चमोली जिले की कार्यकारणी का विस्तार भी किया जाएगा।

हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के चमोली जिला प्रभारी प्रदीप थपलियाल ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान 26 जनवरी से शुरू होकर दो माह तक चलेगा। इस अभियान में चमोली से प्रत्येक घर-घर तक कांग्रेस की नीतियों को लोगों को बताया जाएगा और अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोडने का कार्य भी किया जाएगा। इस मौके पर कांग्रेस महिला संगठन की कार्यकारी जिलाध्यक्ष उषा रावत, ब्लाॅक अध्यक्ष गोविंद सजवाण, मनीष नेगी, अरविंद नेगी, संदीप झिक्वाण, महेंद्र रावत, आनंद सिंह पंवार आदि मौजूद थे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!