पोखरी (चमोली)। चमोली जिले के पोखरी ब्लॉक के विनगढ और कुजासू के ग्रामीणों ने सराकर, शासन और प्रशासन की अनदेखी को देखते हुए श्रमदान कर सड़क निर्माण का निर्णय लिया है। ग्रामीण यहां लम्बे समय से सरकार और प्रशासन से तीन किलोमीटर सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे। लेकिन कार्रवाई न होने के चलते ग्रामीणों ने बुधवार को विधिवत पूजा-अर्चना कर सड़क निर्माण कार्य शुरु कर दिया है। यह क्षेत्र बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट का गृह क्षेत्र है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों को सड़क से जोड़ने को लेकर सिस्टम की कार्य प्रणाली का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।
ग्राम प्रधान कुजासू अनीता देवी, ग्राम प्रधान विनगढ लक्ष्मी देवी और पूर्व प्रधान हर्षवर्धन चैहान का कहना है कि बिनगढ, कुजासू और खन्ना गांवों के 80 परिवार लम्बे समय से जन प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और मंत्रियों से तीन किमी सड़क निर्माण की गुहार लगा चुके हैं। लेकिन ग्रामीणों की मांग को लेकर किसी भी स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। जिसके देखते हुए ग्रामीणों की ओर से स्वयं श्रमदान कर सड़क निर्माण का निर्णय लिया है। कहा कि ग्रामीणों द्वारा सड़क निर्माण कार्य शुरु कर दिया गया है।
