posted on : September 25, 2023 7:14 pm

पोखरी (चमोली)। चमोली जिले के पोखरी-हरिशंकर-गनियाला-रौता मोटर मार्ग को खोलने की मांग को लेकर सोमवार को क्षेत्र के ग्रामीणों ने पोखरी में लोनिवि के खिलाफ नारे बाजी कर प्रदर्शन किया। साथ ही उपजिलाधिकारी पोखरी को एक ज्ञापन भी सौंपा जिसमें चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र ही मोटर मार्ग नहीं खोला जाता है तो ग्रामीणों को भूख हड़ताल जैसे कठोर कदम उठाने के लिए विवश होना पड़ेगा।

गौरतलब है कि पोखरी-हरिशंकर-गनियाला-रौता मोटर मार्ग बीते ढाई माह से अधिक के समय से अवरूद्ध चल रहा है। जिसको लेकर ग्रामीणों ने पूर्व में भी ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन और विभाग को पत्र सौंपा था लेकिन विभाग की ओर से मोटर मार्ग खोलने के लिए कोई कार्रवाई न करने पर ग्राम पंचायत रौता, चैण्ड़ी, मज्याणी, गनियाला, सेरा मालकोटी, सहित तमाम गांवों के ग्रामीणों ने सोमवार को पोखरी गोल बाजार से लोक निर्माण विभाग तक विभाग के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया।

ग्राम प्रधान रौता बीरेंद्र राणा और जिला पंचायत सदस्य अनुप चन्द्र रौतियाल ने कहा ढाई माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी लोक निर्माण विभाग की लापरवाही के कारण सड़क नहीं खुल पाई है। जिससे क्षेत्र के लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने प्रदर्शन के माध्यम से उपजिलाधिकारी को ज्ञापन दिया है। जिसमें जल्द ही सड़क को खोलने की मांग की गई है। यदि ऐसा नहीं किया जाता है तो उन्हें भूख हडताल के लिए बाध्य होना पडे़गा। इस अवसर पर रौता ग्राम पंचायत बीरेंद्र राणा, जिला पंचायत सदस्य अनुप चन्द्र रौतियाल, शरद बुटोला, किशन बुटोला, संतोष चैधरी, कुंवर चैधरी, देवेन्द्र लाल आदि मौजूद थे।

इधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संजय सिन्हा ने कहा सड़क को खेलने का प्रयास किया जा रहा है। मोटर मार्ग के दोनों ओर से जेसीबी लगायी गई है। 15 दिनों के भीतर मोटर मार्ग सुचारू हो जाएगा।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!