गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के कर्णप्रयाग विकासखंड के ग्राम पंचायत लंगासू के ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से गांव के चंडिका तोक में जारी खनन की निविदा निरस्त करने की मांग उठाई है। मंगलवार को ग्रामीणों ने गोपेश्वर में सीडीओ हंसादत्त पांडे के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर कार्रवाई की मांग उठाई। ग्रामीणों ने मांग पर कार्रवाई न होने पर आंदोलन करने के साथ न्यायालय जाने की चेतावनी दी है।
लंगासू ग्राम पंचायत की वन पंचायत सरपंच बीना देवी और योगेंद्र सिंह का कहना है कि प्रशासन की ओर से खनन के चिन्हित चण्डिका तोक में अलकनंदा नदी की ओर से बड़े-बड़े पत्थर कटाव को रोके हुए हैं। जिससे यहां ग्रामीणों की कृषि योग्य भूमि की प्राकृतिक रुप से सुरक्षा हो रही है। ऐसे में यहां खनन किये जाने पर कृषि भूमि के कटाव होने की सम्भावना है। वहीं निर्धारित स्थान तक वाहनों की आवाजाही की सुविधा नहीं है। साथ ही इस स्थान के समीप चार धाम सड़क परियोजना का डम्पिंग जोन भी बनाया गया है। ऐसे में यदि यहां खनन और सड़क निर्माण किया जाता है। तो यहां ग्रामीणों को भारी नुकसान उठान पड़ेगा। जिसे देखते हुए जनहित को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन से खनन की निविदा निरस्त करने की मांग उठाई गई है। वहीं उन्होंने ने निर्धारित भूमि के वन पंचायत के अन्तर्गत होने के बावजूद वन पंचायत से अनापत्ति न लिये जाने की पर भी नाराजगी व्यक्त की है। ग्रामीणों ने मांग पर कार्रवाई न होने पर चक्का जाम, धरना प्रदर्शन करने के साथ ही न्यायालय जाने की चेतावनी दी है। इस मौके पर प्रेमबल्लभ सती, चन्द्रमोहन नगवाल, प्रदीप सती, अभिषेक शैली, अनीता डिमरी, विद्या देवी, पुष्पा देवी, रजनी देवी, तारा देवी, लखमा देवी, भगवती देवी, आशा गोस्वामी, गौरव मलेठा, पंकज, गौरव मलेठा आदि मौजूद थे।
