posted on : March 20, 2021 4:06 pm

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के पुरसाडी कारागार में आजीवन कारावास की सजा काट रहे कैदी ने शुक्रवार की देर सांय को पुलिस जवानों को चकमा देकर अलकनंदा नदी में छलांग मार दी। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने नदी किनारे सर्च अभियान चलाया, लेकिन कैदी का कोई सुराग नहीं मिला। चमोली के पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चैहान ने बताया कि शुक्रवार को सर्च आपरेशन के दौरान कोई सुराग न मिलने पर शनिवार को भी  सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

बता दें कि नवीन चंद्र पुत्र हरीश लाल, चमोली निवासी पोक्सो के तहत 27 नवम्बर वर्ष 2019 से जिला कारागार पुरसाड़ी में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। एक सितम्बर वर्ष 2020 में जेल परिसर में सफाई अभियान के दौरान नवीन मौके का फायदा उठाकर जेल का ताला तोड़कर भाग गया था। जिसके बाद पुलिस के सर्च अभियान में आठ सितम्बर वर्ष 2020 को उसे गोपेश्वर के समीप घिंघराण रोड पर देवर-खडोरा गांव से गिरफ्तार किया गया। जेल का ताला तोड़कर भागने के मामले में शुक्रवार को जिला न्यायालय ने नवीन को दो साल की सजा सुनाई, जिसके बाद शाम को लगभग पौने पांच बजे पुलिस अभिरक्षा में उसे पुरसाड़ी जेल लाया जा रहा था, लेकिन पुलिस जवानों को चकमा देकर वह जेल परिसर से अलकनंदा की ओर भाग गया। पुलिस जवान भी उसके पीछे भागे लेकिन देखते ही देखते नवीन ने नदी में छलांग मार दी। जेलर प्रमोद कुमार का कहना है कि पुलिस कर्मियों ने कुछ देर तक नदी में उसे बहते देखा। पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चैहान का कहना है कि कैदी नवीन के नदी में छलांग मारने की सूचना पर पुलिस फोर्स और एसडीआरएफ का सर्च अभियान दल मौके पर भेजा गया और नदी किनारे सर्च अभियान चलाया गया। लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार को भी फ कैदी को खोजने सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!