जोशीमठ (चमोली)। चमोली जिले के जोशीमठ नगरपालिका के सभासदों ने शनिवार को तहसीलदार जोशीमठ के माध्यम से विधायक महेंद्र भट्ट को एक ज्ञापन भेजकर जोशीमठ रविग्राम स्थित स्टेडियम को हेलीपैड बनाये जाने का विरोध किया है।
ज्ञापन में जोशीमठ नगर क्षेत्र के रविग्राम वार्ड में बनाए जा रहे हेलीपैड की जगह पर स्टेडियम बनाने की मांग की गई है। सभासद समीर डिमरी ने बताया कि लगभग 50 हजार से अधिक जनसंख्या वाले जो सीमा क्षेत्र का एकमात्र स्टेडियम है। अब इस स्टेडियम को हेलीपैड बनाये जाने की बात की जा रही है जो कि जोशीमठ के खेल प्रेमियों के साथ ही उभरते हुए खिलाड़ियों के साथ एक भद्दा मजाक व अन्याय है। जिसका क्षेत्र के लोग विरोध करते है। सभासद गौरव नम्बुरी ने कहा कि खेल मैदान के अभाव में जोशीमठ के खेल प्रेमियों को काफी परेशानी होती है इसलिए पूर्व में प्रस्तावित स्टेडियम को ही रविग्राम में बनाया जाना चाहिए ताकि खेल प्रेमियों को स्टेडियम का लाभ मिल सके। सभासद आरती उनियाल सभासद ने कहा है कि मोदी जी की खेलो इंडिया खेलो योजना का लाभ बिना मैदान के जोशीमठ क्षेत्र के बच्चों को नही मिल पा रहा है। लिहाजा स्टेडियम को यथावत रखा जाए। यदि सरकार की मंशा जोशीमठ में हेलीपैड बनाने की है तो वह अन्यत्र जमीन तलाश कर बनवा सकती है।
