गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले में जिला न्यायालय परिसर सहित जिले के जोशीमठ, कर्णप्रयाग, थराली और गैरसैंण में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालतों की सभी पांच पीठों में 38 मामलों का निस्तारण किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सिविल जल सीनियर डिवीजन सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान आपसी सुलह समझौतों के आधार पर तीन आपराधिक, 10 एनआई एक्ट, पांच धन वसूली, सात मोटर अधिनियम तथा 12 वैवाहिक वादों के साथ ही एक सिविल का वाद निस्तारित किया गया। बताया कि एनआई एक्ट के वादों में जहां 14 लाख तीन सौ रुपये के रिकवरी करवाई की गई। वहीं वाहन दुर्घटना के वादों में 28 लाख 14 हजार का मुआवजा दिलाया गया। इस प्रकार राष्ट्रीय लोक अदालत में निस्तारित सभी 38 वादों में कुल 58 लाख 75 हजार 977 की धनराशि प्रतिकार मुआवजा और दंड स्वरूप वसूली गई। इसके अतिरिक्त बैंक प्री लिटिगेशन के पांच वादों में तीन लाख 55 हजार 886 रूपये की बैंकों की ओर से वसूल की गई।
