नारायणबगड (चमोली)। चमोली जिले के नारायणबगड विकास खंड के परखाल बाजार में मंगलवार रात्रि को आगजनी की घटना में दो दुकानें स्वाहा हो गई।
असेड़ गांव के पूर्व प्रधान बृजमोहन सिंह बुटोला ने बताया कि मंगलवार रात्रि करीब दो बजे दुकानदार रघुवीर सिंह ने फोन पर सूचना दी की उनके पडोसी पृथ्वी सिंह और महेन्द्र सिंह की दुकान में आग लगी हुई है। जिसके बाद सभी दुकानदार और ग्रामीण घटनास्थल पर जाकर आग बुझाने में जुटे परंतु तबतक दोनों दुकानों का सभी सामान स्वाहा हो चुका था। प्रत्यक्षदर्शी रघुवीर सिंह ने बताया कि जब वह अपनी दुकान में सो रहे थे तब रात को पटाखे फूटने जैसी आवाजें सुनाई दी तो उनकी नींद खुली और बाहर आकर देखा तो उनके सामने पृथ्वी सिंह और महेंद्र सिंह की दुकानों के अंदर से आवाजें आ रही थी और भारी धुंआ था। बताया कि तब उन्होंने इसकी सूचना दोनों लोगों को दी।
बताते चलें कि परखाल में नंदगांव निवासी महेन्द्र सिंह का भवन है जिसपर उनका होटल व प्रचून की दुकान है जबकि उनके ही भवन पर नंदगांव के ही पृथ्वी सिंह की फोटोग्राफी और इलैक्ट्रोनिक की दुकान भी है। दोनों दुकानें पूरी तरह जलकर राख में तब्दील हो गई हैं और भवन भी जगह जगह से दरक गया है। पृथ्वी सिंह ने बताया कि उनकी दुकान में दो कैमरे और वीडियो कैमरे, इलैक्ट्रोनिक का समान,फर्नीचर,डिस आदि कीमती सामान जल गये हैं। जबकि महेंद्र सिंह की दुकान में रेफ्रिजरेटर, टीवी, परचून का सामान, फर्नीचर, बैड, बिस्तर, मोटरसाइकिल, बर्तन और सभी बैंक और अन्य दस्तावेज जलकर भस्म हो गए हैं। भवन के पीछले हिस्से में महामृत्युञ्जय महादेव समिति का कार्यालय भी है। जो बच गया है। कार्यालय का दरवाजा तोड़कर लोगों ने आग बुझाई। ग्राम प्रधान अनीता बुटोला, ग्राम प्रधान नंदगांव अन्नू भंडारी, ग्राम प्रधान भंगोटा डा. भूपेन्द्र मेहरा, विनोद थपलियाल, भूपाल सिंह स्थानीय लोगों ने शासन प्रशासन से दोनों प्रभावितों को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है।
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे तहसीलदार सुरेन्द्र सिंह देव ने आगजनी का जायजा लेते हुए कहा कि दोनों दुकानों में लगी आग के कारणों की जांच की जायेगी और उसके बाद नियमानुसार मुआवजे आदि के लिए अग्रिम कार्रवाई की जायेगी।
