गोपेश्वर (चमोली)। नंदप्रयाग में एसबीआई का एटीएम एक माह से बंद होने के चलते लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल कर्णप्रयाग, दशोली, नंदानगर तथा पोखरी विकास खंडों का केंद्र बिंदु माने जाने वाले नंदप्रयाग नगर में एक मात्र एसबीआई का ही एटीएम स्थापित है। नंदप्रयाग सार्वजनिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बिंदु भी है। इसके चलते एटीएम के अभाव में जरूरत मंदों को समय पर पैसा नहीं मिल पा रहा है। इससे लोगों की तात्कालिक जरूरतों के लिए पैसा न मिलने से लोग मायूस हो जा रहे हैं। वैसे भी नंदप्रयाग बदरीनाथ यात्रा का प्रमुख पड़ाव भी है। तीर्थयात्रियों को भी इसका परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राजबगठी के प्रधान महावीर सिंह रावत तथा नंदप्रयाग के समाज सेवी महेंद्र सिंह रावत ने स्टेट बैंक प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर हैरानी जताई है। उनका कहना है कि एक माह तक एटीएम मशीन का बंद रहना किसी के गले नहीं उतर पा रहा है। उन्होंने तत्काल एटीएम को सुचारू करने की मांग की है।
posted on : November 11, 2025 7:34 pm
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
