गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले में मंगलवार रात्रि से हो रही बारिश के चलते जन जीवन अस्त-व्यवस्त होने लगा है। बारिश के चलते बदरीनाथ हाईवे पर लामबगड़ नाले के उफनाने से जहां हाईवे का 60 मीटर हिस्सा बह गया है। वहीं यहां बदरीनाथ की ओर जा रहा एक ट्रक फंस गया है। हालांकि ट्रक के चालक और परिचालक ने मौके से भाग कर जान बचा ली है। वहीं जिले के गदेरे और नदियों का जल स्तर भी बढने लगा है।
मौसम विभाग की चेतावनी के अनुरुप चमोली जिले में मंगलवार रात्रि से बारिश का सिलसिला जारी है। ऐसे में जिले में गदेरे और नदियां उफनाने लगी हैं। वीरवार का दोपहर बाद बदरीनाथ हाईवे के लामबगड़ नाले का जल स्तर बढने से हाईवे का 60 मीटर हिस्सा बह जाने से यहां वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। वहीं इस दौरान हाईवे पर आवाजाही कर रहा एक ट्रक भी यहां बहाव के बीच में फंस गया। लेकिन मौके की नाजकत को समझते हुए ट्रक चालक और परिचालक ने वहां से भगाकर खुद को बचा लिया। वहीं हाईवे पर बेनाकुली में नाला उफनाने से यहां स्थिति भारत कंस्ट्रकशन कंपनी की जहां मशीनें मलबे में दब गई हैं। वहीं कम्पनी की कैम्प साइड में मलबा घुसने खासा नुकसान हो गया है। खचरा नाले के उफनाने से एक अस्थाई दुकान क्षतिग्रस्त हो गई है। वहीं हाईवे कंचनगंगा, और रडांग बैंड में भी मलबा आने से बाधित पड़ा हुआ है। जिले में लगातार हो रही बारिश से अलकनंदा, पिंडर, धौली गंगा, ऋषिगंगा, नंदाकिनी नदियों का जल स्तर भी बढने लगा है। हालांकि अभी नदियां खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं।
बदरीनाथ हाईवे को कंचन गंगा की ओर से खोलने का कार्य किया जा रहा है। वहीं लामबगड़ में जल स्तर कम होने के बाद हाईवे का सुधारीकरण किया जाएगा। नदियों का जल स्तर अभी खतरे के निशान से नीचे हैं। ऐसे में चमोली में स्थिति सामान्य बनी हुई है।
नंदकिशोर जोशी, आपदा प्रबंधन अधिकारी, चमोली।
