गोपेश्वर (चमोली)। बदरीनाथ धाम में निवास कर रहे साधु को मंदिर में दर्शन करने से रोकने के बाद साधु ने अपने आश्रम में अनशन शुरु कर दिया है। साधु ने मामले में देवस्थानम बोर्ड के मुख्य कार्यधिकारी व मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर भगवान नारायण के दर्शन की अनुमति देने की मांग उठाई है। वहीं साधु ने बदरीनाथ धाम में स्थित अपने आश्रम में अनशन शुरु कर दिया है।
बता दें कि बदरीनाथ धाम में वर्ष 1990 से निवास कर रहे साधु धर्मराज भारती (मौनी बाबा) का कहना है कि वर्षों से धाम के कपाट खुलने के बाद से प्रति दिन मंदिर में भगवान नारायण के दर्शन के बाद भोजन करते हैं। इस वर्ष भी कोरोना नियमों का पालन करते हुए 18 मई के बाद से नित्य प्रातःकाल भगवान नारायण के दर्शन करते आ रहे थे। लेकिन 23 मई को जब सुबह वे बदरीनाथ मंदिर में दर्शन के लिये पहुंचे तो उन्हें वहां तैनात पुलिसकर्मियों और देवस्थानम बोर्ड के कर्मचारियों ने मंदिर में प्रवेश करने से रोक दिया। मामले में जानकारी मांगे जाने पर बदरीनाथ धाम के अपर मुख्य कार्याधिकारी बीडी सिंह की ओर से किसी को भी मंदिर में प्रवेश न करने के आदेश दिये गये हैं। उनका कहना है वर्षों से लिये संकल्प के अनुरुप वे धार्मिक आस्था के चलते नियम का पालन कर रहे हैं। ऐसे में अब भगवान बदरीनाथ के दर्शन करने से रोकने की कार्रवाई से नाराज धर्मराज भारती (मौनी बाबा) ने अनशन शुरु कर दिया है। उन्होंने भगवान बदरी विशाल के दर्शनों की अनुमति मिलने तक अनशन जारी रखने की बात कही है। वहीं मामले में जब बदरीनाथ के अपर कार्याधिकारी से वार्ता करने का प्रयास किया किया गया। तो उन्होंने फोन नहीं उठाया गया।
