शेयर करें !
posted on : June 15, 2026 4:38 pm

पिथौरागढ़। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन की तैयारियों के तहत सोमवार को जनपद मुख्यालय में “रन फॉर योगा” जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर से रामलीला मैदान तक निकाली गई रैली में 650 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

रैली को जिला पंचायत अध्यक्ष जितेन्द्र प्रसाद, मेयर कल्पना देवलाल, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, उपजिलाधिकारी जितेन्द्र वर्मा तथा जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य, फिटनेस एवं भारत की प्राचीन योग परंपरा के प्रति जागरूक करना तथा आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ अनेक शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। स्टैफर्ड पब्लिक स्कूल, द एशियन एकेडमी स्कूल, हिमालया पब्लिक स्कूल, देव सिंह स्कूल, जीजीआईसी, जीआईसी, स्पोर्ट्स स्टेडियम पिथौरागढ़, न्यू बीरसेवा पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों के अलावा एनसीसी कैडेट्स, 14वीं वाहिनी आईटीबीपी, 55वीं वाहिनी एसएसबी, पीआरडी स्वयंसेवक, पुलिस जवान एवं जिला मुख्यालय के अधिकारी-कर्मचारी भी रैली में शामिल रहे।

रामलीला मैदान पहुंचने के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष, मेयर एवं जिलाधिकारी ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए योग को दैनिक जीवन में अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

इस अवसर पर प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम के अंत में जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. चन्द्रकला भैंसोडा ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
शेयर करें !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!