शेयर करें !
posted on : June 26, 2026 2:45 pm

देहरादून। विभिन्न सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल से मुलाकात कर जिले में सांप्रदायिक घृणा फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि ऐसे तत्वों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।

प्रतिनिधियों ने अधिकारियों को बताया कि देहरादून जिले में कुछ लोग लगातार भड़काऊ और नफरत फैलाने वाले बयान दे रहे हैं। उनका आरोप था कि कई मामलों में वीडियो साक्ष्य होने के बावजूद नामजद कार्रवाई करने के बजाय अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि उन्हें पहली बार देहरादून में तैनाती मिली है और वे ऐसे मामलों की जानकारी लेकर पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देंगे। वहीं एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है तथा अन्य मामलों में भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को सौंपे ज्ञापन में बैरागीवाला में विनोद कुमार हत्याकांड के सभी आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही आरोप लगाया कि घटना के बाद कुछ लोगों ने सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया और भड़काऊ भाषण दिए। उन्होंने ऐसे मामलों में सुप्रीम कोर्ट के हेट स्पीच संबंधी निर्देशों का हवाला देते हुए स्वतः संज्ञान लेकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल में उत्तराखंड महिला मंच की कमला पंत, निर्मला बिष्ट, विमला कोली, मंजू बलौदी, उत्तराखंड इंसानियत मंच के हरिओम पाली, त्रिलोचन भट्ट, भारत ज्ञान-विज्ञान समिति के कमलेश खंतवाल, चेतना आंदोलन के राजेंद्र शाह, सीपीआई (माले) के इंद्रेश मैखुरी, सीपीएम के राजेंद्र पुरोहित, कांग्रेस की सुजाता पॉल, पवन क्षेत्री, तलाफत हुसैन, मनीष, अलमाशुद्दीन सिद्दीकी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

 
 

 

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
शेयर करें !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!