शेयर करें !
posted on : June 26, 2026 3:36 pm

रुद्रपुर। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंतनगर कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय पूर्व छात्र सम्मेलन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने कृषि अनुसंधान, नवाचार और किसानों की समृद्धि पर जोर दिया।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय भारतीय कृषि की हरित क्रांति का प्रमुख केंद्र रहा है। उन्होंने कहा कि भारत आज लगभग 377 मिलियन टन खाद्यान्न उत्पादन कर रहा है और चावल उत्पादन में विश्व में पहले स्थान पर पहुंच चुका है। उन्होंने जलवायु परिवर्तन, घटते भूजल स्तर और मिट्टी के स्वास्थ्य जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार को आवश्यक बताया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विकसित उत्तराखंड के निर्माण में विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने पूर्व छात्रों से कृषि, अनुसंधान, स्टार्टअप, नवाचार और युवाओं के मार्गदर्शन में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने पर्वतीय कृषि की चुनौतियों के समाधान के लिए विशेषज्ञों और पूर्व छात्रों की समिति बनाकर ठोस सुझाव देने की बात भी कही।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में स्वयं सहायता समूहों के स्टॉलों का निरीक्षण किया, विद्यार्थियों से संवाद किया, धान की रोपाई में हिस्सा लिया तथा पौधरोपण भी किया।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पंतनगर विश्वविद्यालय को हेरिटेज विश्वविद्यालय घोषित किए जाने की मांग उठाई। कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, बंशीधर भगत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र मौजूद रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
शेयर करें !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!