शेयर करें !
posted on : July 5, 2026 6:25 pm

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली पुलिस ने कर्णप्रयाग क्षेत्र में आरडीएसएस बिजली परियोजना से चोरी हुई करीब आठ लाख रुपये मूल्य की विद्युत सामग्री बरामद करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

बिजली लाइन निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली सामग्री चोरी होने की सूचना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और सघन सुरागरसी के आधार पर महज 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गौचर पुलिस चैकी के पास दबोच लिया तथा चोरी में प्रयुक्त छोटा हाथी वाहन सहित पूरा सामान बरामद कर लिया।

टीएस पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के साइट इंजीनियर नकुल कुमार की शिकायत पर कोतवाली कर्णप्रयाग में मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया कि आरडीएसएस परियोजना के तहत नौटी, पुडियाणी और जाख गांव में बिजली लाइन बदलने के लिए रखी गई करीब 1100 मीटर पीवीसी (एबीसी) केबल, तीन से चार कुंतल एल्युमीनियम वायर और हार्डवेयर सामग्री चोरी हो गई थी।

पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी त्रिवेंद्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में एक संदिग्ध छोटा हाथी वाहन की पहचान होने पर गौचर पुलिस चैकी पर वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जहां से चोरी का पूरा सामान बरामद कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त छोटा हाथी वाहन, आठ बंडल पीवीसी (एबीसी) केबल, सात बंडल एल्युमीनियम वायर तथा चार कट्टे हार्डवेयर सामग्री बरामद की है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
शेयर करें !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!