शेयर करें !
posted on : July 7, 2026 5:11 pm

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जनपद में मनरेगा श्रमिकों के लिए ई-केवाईसी कराना अनिवार्य कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 1 जुलाई से बीवीजी रामजी योजना लागू होने के बाद ई-केवाईसी के बिना मनरेगा श्रमिक को मजदूरी का भुगतान नहीं किया जाएगा। निर्धारित समय सीमा तक ई-केवाईसी पूरी नहीं करने वाले श्रमिकों के जॉब कार्ड निरस्त किए जाएंगे।

जिला प्रशासन के अनुसार जिले में पंजीकृत 1,09,118 मनरेगा श्रमिकों में से 23,775 श्रमिकों की ई-केवाईसी नहीं हुई है। ऐसे सभी श्रमिकों से 10 जुलाई तक अपने ग्राम प्रधान अथवा ग्राम रोजगार सेवक के माध्यम से अनिवार्य रूप से ई-केवाईसी कराने की अपील की गई है।

जिला प्रशासन की ओर से ग्राम प्रधानों को निर्देश दिए हैं कि बीवीजी रामजी योजना के अंतर्गत अनुमन्य मनरेगा कार्य उसी योजना के तहत संचालित किए जाएं। व्यक्तिगत भूमि सुधार जैसे गैर-अनुमन्य कार्यों के लिए 10 जुलाई तक बिल और मस्टर रोल फीडिंग की समय-सीमा बढ़ाई गई है। सभी ग्राम पंचायतों को निर्धारित अवधि में शत-प्रतिशत बिल एवं मस्टर रोल फीडिंग करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मजदूरी भुगतान में किसी प्रकार की बाधा न आए। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों की सूचियों का अनुमोदन ग्राम सभाओं की खुली बैठकों में किया जा रहा है। यदि किसी व्यक्ति को सूची पर कोई आपत्ति है तो वह एक सप्ताह के भीतर संबंधित विकासखंड मुख्यालय या ग्राम विकास अधिकारी के पास लिखित आपत्ति दर्ज करा सकता है।

 

 

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
शेयर करें !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!