शेयर करें !
posted on : July 23, 2026 5:52 pm

गोपेश्वर (चमोली)। लगातार हो रही भारी बारिश और संभावित प्राकृतिक आपदाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को हाई अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।

गुरुवार को आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी एवं पुलिस सम्मेलन में एसपी ने आपदा राहत उपकरण हर समय क्रियाशील रखने तथा एसडीआरएफ, फायर सर्विस और अन्य विभागों के साथ समन्वय बनाकर किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने को कहा। संवेदनशील और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के साथ राष्ट्रीय राजमार्गों पर लगातार निगरानी रखने तथा मार्ग अवरुद्ध होने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को एमआरएम, जीआरएम, समन्वय एवं सहयोग पोर्टल, सीएम हेल्पलाइन और प्रगति डैशबोर्ड पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एसपी ने लंबित विवेचनाओं, समन और वारंटों के शीघ्र निस्तारण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, अवैध नशा कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा ऑपरेशन प्रहार के तहत सत्यापन अभियान तेज पर जोर देते हुए वित्तीय और साइबर धोखाधड़ी के मामलों में गुणवत्तापूर्ण विवेचना तथा महिला संबंधी अपराधों पर संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सघन अभियान चलाने, जीरो एफआईआर और ई-जीरो एफआईआर का नियमानुसार पंजीकरण करने तथा पुलिस मुख्यालय से संचालित अभियानों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी जोर दिया।

बैठक में उत्कृष्ट कार्य के लिए घांघरिया चैकी प्रभारी उपनिरीक्षक अमनदीप सिंह को पुलिस मैन ऑफ द मंथ सम्मान से सम्मानित किया गया, जबकि अन्य सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा, मदन सिंह बिष्ट, प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक दिव्येश उपाध्याय सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
शेयर करें !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!