शेयर करें !
posted on : September 10, 2026 5:17 pm

-उद्योगों की मांग के अनुरूप तैयार हों ट्रेड

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने प्रगति पोर्टल के माध्यम से आईटीआई में संचालित पीएम-सेतु और पीएम-एनएपीएस योजनाओं की समीक्षा करते हुए युवाओं के प्रशिक्षण, एनरोलमेंट, अप्रेंटिसशिप को रोजगार से जोड़ने पर जोर दिया।

डीएम ने कहा कि आईटीआई में दिया जा रहा प्रशिक्षण उद्योगों की वर्तमान जरूरत के अनुरूप होना चाहिए, ताकि प्रशिक्षण के बाद युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने स्थानीय रोजगार की संभावनाओं और बाजार की मांग के अनुसार युवाओं का एनरोलमेंट बढ़ाने के निर्देश दिए। पीएम-एनएपीएस की समीक्षा में उन्होंने जिले की सभी बड़ी कंपनियों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों और संस्थानों में पात्र युवाओं के लिए अधिक से अधिक अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने को कहा। अधिकारियों से पंजीकृत कंपनियों और उनमें कार्यरत अप्रेंटिसों की जानकारी लेते हुए नए प्रतिष्ठानों को भी योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल संस्थागत प्रशिक्षण देने के बजाय वास्तविक कार्यस्थल पर व्यावहारिक अनुभव दिलाना जरूरी है। इससे उन्हें प्रशिक्षण के बाद रोजगार हासिल करने में आसानी होगी।

जिलाधिकारी ने जिला सेवायोजन कार्यालय, जिला उद्योग केंद्र और सभी आईटीआई को आपसी समन्वय से साझा कार्ययोजना बनाने को कहा। जिला सेवायोजन अधिकारी और उद्योग विभाग को स्थानीय उद्योगों की मैपिंग करने को कहा, ताकि विभिन्न क्षेत्रों में आवश्यक कुशल मानव संसाधन की जानकारी मिल सके। उन्होंने होटल एवं पर्यटन, निर्माण, सेवा, विद्युत, ऑटोमोबाइल और मशीनरी समेत विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार की मांग का अध्ययन कर उसी के अनुसार आईटीआई में प्रशिक्षण और हाई स्किलिंग को बढ़ावा देने की बात की।

डीएम ने डिस्ट्रिक्ट स्किल कमेटी के माध्यम से आईटीआईवार एनरोलमेंट, प्रशिक्षण की गुणवत्ता, ट्रेडवार युवाओं की संख्या, उद्योगों से समन्वय और अप्रेंटिसशिप की नियमित समीक्षा करने को कहा। कहा कि युवाओं की रुचि, योग्यता और संबंधित ट्रेड में रोजगार की मांग के अनुसार उन्हें अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

इस दौरान परियोजना निदेशक आनंद सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी विनय जोशी, जिला सेवायोजन अधिकारी अर्चना सजवान समेत विभिन्न आईटीआई के प्रधानाचार्य और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
शेयर करें !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!