गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले में जिल प्रशासन, विभिन्न वन प्रभागों के साथ ही सामाजिक संगठनों और ग्रामीणों ने पर्यावरण दिवस पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जिला प्रशासन की ओर से गोपेश्वर के शहीद पार्क व वन चेतना केंद्र में पौध रोपण किया। इस दौरान जिलाधिकारी स्वाती एस भदौरिया ने कहा कि पर्यावरण का संरक्षण सामुहिक प्रयास से संभव है। ऐसे में आम लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिये आगे आना होगा। वहीं केदारनाथ वन प्रभाग के डीएफओ अमित कंवर ने बताया कि इस वर्ष वन प्रभागों की ओर से इस वर्ष पारिस्थिकी तंत्र बहाली के थीम पर वृहद पौध रोपण अभियान चलाया जाएगा। वहीं पर्यावरण दिवस के मौके पर पुलिस विभाग की ओर से जिला मुख्यालय के साथ ही जिले के सभी थानों और चैकियों के आस-पास पौध रोपण किया गया। भाजपा नगर मंडल पीपलकोटी की ओर से बिल्लेश्वर महादेव मंदिर परिसर में, ग्राम पंचायत ल्यांरी थैंणा के ग्रामीणों की ओर से पौध रोपण किया गया। संकल्प अभियान के तहत राइका बैरागना में फलदार पौधों का रोपण किया। अलंकनंदा वन प्रभाग की ओर से थराली के धारी तोक में ग्रामीणों के सहयोग से 110 पौधों को रोपण किया। बदरीनाथ वन प्रभाग की ओर से भी थराली के विभिन्न स्थानों पर पौध रोपण कार्यक्रम आयोजित किये गये। इसके साथ ही विभिन्न सामाजिक और राजनैतिक संगठनों की ओर से जिले में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया। इधर देवाल में भी पर्यावरण मित्र बलवंत सिंह के नेतृत्व में पौधरोपण किया गया।
