posted on : June 5, 2021 6:47 pm

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले जोशीमठ के रविग्राम में खेल मैदान की भूमि पर हैलीपैड़ निर्माण के लिये जिला प्रशासन की ओर से प्रक्रिया शुरु कर दी गई है। जिला प्रशासन की ओर से मामले में तहसील जोशीमठ को पत्र भेजकर मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुपाल में नागरिक उड्डयन विभाग को हस्तांतरित करने के आदेश दिये हैं। जिसके बाद स्थानीय खेल प्रेमियों और जन प्रतिनिधियों में आक्रोश बना हुआ है।

बता दें कि जोशीमठ के रविग्राम में पूर्व में सरकार की ओर से पिटकुल को प्रदान की गई भूमि पर खेल मैदान के निर्माण की योजना बनाई गई थी। लेकिन वर्ष 2020 में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत की ओर से यहां हैलीपैड निर्माण की घोषणा की गई। जिस पर स्थानीय लोगों की ओर से विरोध किया गया। ऐसे में बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट की ओर से मामले में स्थानीय लोगों को हैलीपैड के साथ ही खेल मैदान निर्माण का भरोसा दिलाकर विरोध शांत कर दिया गया। लेकिन अब मामले में जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री की घोषणा का हवाला देते हुए रविग्राम में स्थिति खसरा संख्या 3212से 3370 तक की 1.610 हैक्टेयर भूमि को नागरिक उड्डयन विभाग को हैलीपैड निर्माण के लिये हस्तांतरित करने तहसील प्रशासन को आदेश दे दिये गये हैं। ऐसे में अब स्थानीय लोगों में बदरीनाथ विधायक के आश्वासन के बाद भी उक्त कार्रवाई होने से नाराजगी बनी हुई है। नगर पालिका जोशीमठ के सभासद समीर डिमरी, खेल प्रेमी सौरभ राणा, ललित थपलियाल, समीर रतूड़ी और अमित सती का कहना है कि बदरीनाथ विधायक की ओर से क्षेत्र के खेल प्रेमियों के साथ छलावा किया गया है। यदि विधाकय की ओर से मामले में शीघ्र जन भावनाओं के अनुरुप उक्त आदेश को रद्द करवाकर खेल मैदान का निर्माण नहीं करवाया जाता तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

 

जोशीमठ के रविग्राम में प्रस्तावित कार्य में हैलीपैड व स्टेडिमय निर्माण करवाया जाना है। जिसके लिये मुख्यमंत्री के साथ ही अधिकारियों को पत्र लिखकर भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया खेल मैदान के साथ हैलीपैड के साथ करवाने की मांग की जा रही है। जनता को दिये आश्वासन के अनुरुप रविग्राम में हैलीपैड के साथ खेल मैदान का निर्माण भी करवाया जाएगा।

महेंद्र भट्ट, विधायक, बदरीनाथ विधानसभा।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!