शेयर करें !
posted on : September 27, 2026 5:33 pm
  • पीजी कॉलेज गोपेश्वर में विधिक जागरूकता शिविर
  • न्यायमूर्तियों ने विद्यार्थियों और आमजन को बताए अधिकार

गोपेश्वर (चमोली)। आर्थिक तंगी किसी को न्याय के दरवाजे तक पहुंचने से न रोके, इसके लिए विधिक सेवा प्राधिकरण जरूरतमंदों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध करा रहा है। लोगों को अपने अधिकारों की जानकारी हो और जरूरत पड़ने पर वे कानूनी मदद ले सके। इसके लिए रविवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर में बहुउद्देश्यीय विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।

उत्तराखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति एवं उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष मनोज कुमार तिवारी और न्यायमूर्ति आलोक महरा ने विद्यार्थियों और आमजन को संविधान, उनके विधिक अधिकारों और निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी दी। न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी ने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को न्याय तक पहुंच उपलब्ध कराना है। आर्थिक या सामाजिक रूप से कमजोर व्यक्ति पैसे के अभाव में न्याय से वंचित न रहे, इसके लिए निःशुल्क विधिक सहायता की व्यवस्था है। उन्होंने आमजन से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और आवश्यकता पड़ने पर विधिक सेवा प्राधिकरण की सहायता लेने की अपील की। सदस्य सचिव सालसा प्रदीप कुमार मणि ने निःशुल्क विधिक सहायता के साथ लोक अदालत, मध्यस्थता और अन्य कानूनी सेवाओं की जानकारी दी।

शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ भी पात्र लोगों तक पहुंचाया गया। लाभार्थियों को कान की मशीन, व्हीलचेयर, अटल आवास, श्रम किट और महालक्ष्मी किट सहित अन्य सुविधाएं वितरित की गईं। इसके अलावा विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। पीजी कॉलेज और जीआईसी गोपेश्वर के एनसीसी कैडेट्स ने अतिथियों का स्वागत किया। विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और लोक नृत्य की प्रस्तुति दी। इस दौरान न्यायमूर्तियों और अन्य अतिथियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक सरल और सुगम तरीके से पहुंचाने पर जोर दिया।

इस दौरान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं डीएलएसए अध्यक्ष बिंध्याचल सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सचिन कुमार पाठक, न्यायिक मजिस्ट्रेट हिना कौशर और गुंजन सिसोदिया, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, अधिवक्तागण, विभागीय अधिकारी और आमजन मौजूद रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
शेयर करें !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!