कर्णप्रयाग (चमोली)। चमोली जिले के कर्णप्रयाग नगर पालिका क्षेत्र के अप्पर बाजार वार्ड के स्थानीय लोगों ने तहसील प्रशासन से मोहल्ले में हो रहे भूस्खलन के सुरक्षा इंतजाम करने की मांग उठाई है। स्थानीय लोगों ने बुधवार को मांग को लेकर उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
स्थानीय निवासी बल्लभ प्रसाद खंडूरी और अनिल खंडूरी का कहना है कि बीते कुछ वर्षों से अप्पर बाजार वार्ड के हनुमान मंदिर से रामलीला मैदान के बीच पहाडी पर रह-रह कर भूस्खलन हो रहा है। यहां बीती 14 व 15 जून को हुई बारिश के दौरान पुनः भूस्खलन सक्रीय होने से यहां बड़ी संख्या में मौजूद आवासीय भवन खतरे की जद में आ गये हैं। उन्होंने कहा कि यदि क्षेत्र में शीघ्र सुरक्षा इंतजाम नहीं किये गये तो आगामी बारिश के मौसम में यहां बड़ी दुर्घटना की संभावना बनी हुई है। इस मौके पर नरेश चंद्र खंडूरी, जगदम्बा प्रसाद डिमरी, नवीन डिमरी, जय सिंह कंडवाल और त्रिलोक सिंह कंडवाल आदि मौजूद थे।
