गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के दशोली ब्लाॅक की चमोली-खैनुरी मोटर मार्ग की दुदर्शा को सुधारने की मांग को लेकर गुरूवार को ग्रामीणों ने एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा है। उन्होंने जिलाधिकारी से मोटर मार्ग का निरीक्षण कर इसे लोनिवि को हस्तांतरित करने की मांग उठाई है।
खैनुरी की ग्राम प्रधान रेखा बिष्ट, बीरेंद्र बिष्ट, खीम सिंह, सोहन सिंह, सोबत सिंह आदि का कहना है कि चमोली-खैनुरी मोटर मार्ग का निर्माण 2008 में किया जा चुका है लेकिन यह मोटर मार्ग अभी तक आरटीओ पास नहीं है। मोटर मार्ग पर वाहन तो चल रहे है लेकिन सड़क की दशा इतनी दयनीय है कि कभी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप कर इस मोटर मार्ग को लोनिवि को हस्तांतरित करने तथा मार्ग का निरीक्षण कर इसे आरटीओ पास करवाने की मांग की है ताकि मार्ग पर विधिवत रूप से वाहनों की आवाजाही हो सके।
