गोपेश्वर (चमोली)। देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ की ओर से चमोली जिले की पालिका और पंचायतों में कार्य बहिष्कार कर आंदोलन शुरु कर दिया गया है। संघ की ओर से सरकार से स्थानीय निकायों व विभागों में सफाई कर्मचारियों की स्थाई तैनाती करने सहित 11 सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई की मांग की जा रही है। वहीं सफाई कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से नगरों में जगह-जगह कूड़े के अम्बार लगने लगे हैं।
गोपेश्वर में मंगलवार को संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने नगर पालिका परिसर में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। सफाई कर्मचारियों की ओर से यहां अनिश्चित कालीन धरना शुरु कर दिया गया है। देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ की ओर से स्थानीय निकाय और विभागों के ठेका प्रथा खत्म कर स्थाई नियुक्ति करने, सफाई कर्मचारियों को कनिष्ठ सहायक, पर्यावरण पर्यवेक्षक, सफाई निरीक्षक व चालक आदि पदों पर पदोन्नति का लाभ दिये जाने, पर्यावरण मित्र के पद को विशेष पद घोषित कर मृतक आश्रितों को लाभ देने सहित 11 सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा गया कि यदि सरकार की ओर से शीघ्र मांग पर कार्रवाई नहीं की जाती तो सफाई कर्मचारी आंदोलन को तेज कर देंगे। जिले में सभी नगर पालिका और पंचायतों में मांगों को लेकर चल रहे कार्य बहिष्कार से नगरों में गंदगी का अम्बार लगने लगा है। इस मौके पर संघ के जिलाध्यक्ष विशम्बर कुमार, संरक्षक कमल चैटाला, सोनू कुमार, राहुल पंवार, दीपक कुमार, रवि कुमार, मनोज चुनियाल, राजीव पंवार, विनोद सहदेव, संजय ढिगिया, संजय कुमार, शुभम कुमार, मुकुल सेलवान, कपिल चुनियाल और अजय कुमार आदि मौजूद थे।
