जोशीमठ (चमोली)। चमोली जिले के जोशीमठ में नाबर्ड की ओर से स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिये बुधवार को दो दिवसीय हथकरघा प्रदर्शनी का शुभारंभ कर दिया गया है। प्रदर्शनी में क्षेत्र के तीन स्वयं सहायता समूह और एक कृषक उत्पादक संगठन की ओर से अपने उत्पाद विपणन के लिये रखे गये हैं।
जोशीमठ में आयोजित प्रदर्शनी में स्वयं सहायता समूहों की ओर से कालीन, पंखी, पाखी, स्वेटर, मौजे, मॅफलर, ऊनी कोट, टोपी, आसन, हैंड बैग, रिंगाल और अन्य उत्पादन विपणन के लिये लाये गये हैं। जिन्हें नगरवासियों की ओर से खूब पसंद किया जा रहा है। नबार्ड के जिला विकास प्रबंधक अभिनव कापड़ी ने बताया कि चारधाम यात्रा का संचालन न होने से उत्पादक समूहों के उत्पादों का विपणन नहीं होने से ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान हो रहा था। जिसे देखते हुए नाबार्ड की ओर से दो दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में स्वयं सहायता समूहों और कृषक उत्पादक संगठनों की ओर से स्वयं उत्पादित वस्तुओं के साथ ही ग्रामीणों से संकलित कर भी स्थानीय उत्पादों का विपणन किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य उत्पादों की आय में वृद्धि करने के साथ ही स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है। इस मौके पर उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी के साथ ही अन्य लोग भी मौजूद थे।
