posted on : August 21, 2021 3:46 pm

कर्णप्रयाग (चमोली)। चमोली जिले के आदिबद्री तहसील के नौना गांव के ग्रामीणों ने स्वीकृत चांदपूर-नौना-पंया मोटर मार्ग का निर्माण कार्य शुरू करवाने की मांग को लेकर शनिवार को मुख्यमंत्री उत्तराखंड सरकार को एक ज्ञापन भेजा है।

नौना के ग्रामीण हर्षवर्द्धन नौनी, जगदीश प्रसाद नौनी, भगवती प्रसाद खंडूरी, कैलाश खंडूरी आदि का कहना है कि उनके गांव को जोड़ने वाले चार किलोमीटर मोटर मार्ग चांदपूर-नौना-पंया मोटर मार्ग की स्वीकृति 2018 में हो चुकी है। लोक निर्माण विभाग गौचर की ओर से मोटर मार्ग निर्माण के बीच में आने वाले पेड़ो का कटान भी कर लिया गया है। लेकिन अभी तक मोटर मार्ग का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। ऐसे में ग्रामीणों को चार किलोमीटर पैदल चल कर मुख्य सड़क मार्ग तक आना पड़ता है। गांव में चिकित्सा सुविधा न होने पर कई बार गर्भवती महिलाओं, मरीजों को कंधे पर लादकर सड़क मार्ग तक लाना पड़ता है। ऐसे में कभी भी कोई अनहोनी होने की संभावना बनी रहती है। उन्होंने कहा  िकइस संबंध में कई बार शासन और प्रशासन से गुहार लगायी जा चुकी है लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। जिससे ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। उन्होंने मुख्यमंत्री से शीघ्र मोटर मार्ग निर्माण कार्य शुरू करवाने की मांग की है।

 

चांदपुर-नौना-पंया सड़क के निर्माण के लिये शासन को 2 करोड़ 75 लाख का वित्तीय प्रस्ताव स्वीकृति के लिये भेजा गया है। वर्तमान वित्तीय स्वीकृति न मिलने के चलते सड़क का निर्माण कार्य शुरु नहीं किया जा सका है। शासन से स्वीकृति मिलते ही सड़क का निर्माण कार्य शुरु करवा दिया जाएगा।
एमएस रावत, सहायक अभियंता, लोनिवि, गौचर।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!