गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले में शनिवार को उत्तराखंड मातृ शिशु एवं परिवार कल्याण महिला कर्मचारी संघ के कर्मचारियों ने नौ सूत्रीय मांगों को लेकर सामुहिक अवकाश लेकर कार्य बहिष्कार किया। संघ कर्मचारियों ने मांगों पर शीघ्र कार्रवाई न होने पर आंदोलन तेज करने की बात कही है।
उत्तराखंड मातृ शिशु एवं परिवार कल्याण महिला कर्मचारी संघ की जिला महामंत्री रजनी डिमरी ने कहा कि संघ सरकार से लगातार एसीपी का लाभ देने, पदोन्नति प्रक्रिया शुरु करने, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी के पदों का सृजन कर पदोन्नति करने, महिला स्वास्थ्य कर्मियों को जिला कैडर समाप्त कर राज्य कैडर लागू करने, आईपीएचएस मानकों के अनुरुप स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के पद बढाने सहित विभिन्न मांगों पर कार्रवाई की मांग कर रहा है। लेकिन सरकार की ओर से मांगों की अनदेखी की जा रही है। जिसे देखते हुए प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर शनिवार को एक दिवसीय सामुहिक अवकाश लेकर विरोध जताया गया है। यदि शीघ्र मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की जाती तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इस मौके पर विजया बिष्ट, मोहनी भट्ट आदि मौजूद थे।
