गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के मंडल घाटी के खल्ला गांव में स्थित दत्तात्रेय सति मां अनसूया के प्राचीन मंदिर में अनंत चतुर्दशी के पावन पर्व पर रविवार को विशेष पूजाएं आयोजित हुई।
खल्ला गांव में सति मां अनसूया रथ डोली प्रांगण में भक्तों ने माता अनसूया के साथ ही तीन देवता ब्रह्मा, विष्णु, महेश के दर्शन कर सुख, समृद्धि की कामना की। मान्यता है कि आज ही के दिन संतान दायिनी माता अनसूया ने त्रिदेव ब्रह्मा, विष्णु और महेश को बालक रुप में अन्नप्राशन करवाया था। वर्तमान समय में भी ग्रामीण इस परंपरा का निर्वहन करते आ रहे हैं। इस दौरान भक्तों ने मां अनसूया व तीनों देवों को नए अनाज का भोग लगाया और ककड़ी, मुंगरी (मक्का), घी, दूध अर्पित किया। समस्त भक्तों को प्रसाद के रुप में हरियाली वितरित की गई। धार्मिक अनुष्ठान में ध्याणियों (विवाहित बेटी) व कन्या पूजन कर उन्हें भोजन कराया गया। मंदिर में पहुंचे भक्तों ने माता अनसूया से सुख, समृद्घि की मनोकामना की। खल्ला गांव निवासी अयोध्या प्रसाद त्रिपाठी ने बताया कि आज भी ग्रामीण पौराणिक धार्मिक परंपरा का निर्वहन पूरे उत्साह के साथ करते आ रहे हैं। भक्तों ने मंदिर प्रांगण में कीर्तन भजन कर माता अनसूया की पूजा-अर्चना की। इस मौके पर आत्मा राम, संजय तिवाड़ी, राजेंद्र सिंह नेगी, भगत सिंह, वीरेंद्र सिंह, महावीर सिंह आदि मौजूद थे।
