गोपेश्वर (चमोली)। चमोली-ऊखीमठ सड़क पर पैट्रोल पम्प के समीप सड़क का पुस्ता क्षतिग्रस्त होने से यहां दुर्घटना की सम्भावना बनी हुई है। वहीं सड़क के निचले हिस्से में आवासीय बस्ती होने के चलते यहां स्थिति खतरनाक बनी है। स्थानीय लोगों ने यहां लोनिवि की एनएच इकाई से शीघ्र यहां पुस्ता निर्माण करने की मांग उठाई है।
चमोली जिले में हो रही बारिश के चलते गोपेश्वर-चमोली-ऊखीमठ सड़क पर गोपेश्वर में पैट्रोल पम्प के समीप सड़क का पुस्ता क्षतिग्रस्त हो गया है। पुस्ता क्षतिग्रस्त होने से सड़क संकरी हो गई है, वहीं आवासीय बस्ती में पत्थरों के गिरने का खतरा बना हुआ है। हालांकि यहां लोनिवि एनएच इकाई की ओर से सड़क पर सुरक्षा के लिये टेपिंग की गई है। लेकिन सड़क के संकरे होने चलते यहां दुर्घटना की संभावना बनी हुई है। बता दें कि चार धाम यात्रा के लिये इस मार्ग से ही केदारनाथ के दर्शन कर तीर्थयात्री बदरीनाथ धाम के लिये जाते हैं। स्थानीय निवासी वीरेंद्र सिंह और भूपेंद्र का कहना है कि सड़क का यह हिस्सा पहले से संकरा है। ऐसे में पुस्ता क्षतिग्रस्त होने से सड़क और भी संकरी हो गई है। जिससे यहां छोटे वाहनों की आवजाही बमुश्किल हो पा रही है।
चमोली-गोपेश्वर-ऊखीमठ सड़क पर पैट्रोल पम्प के समीप क्षतिग्रस्त पुस्ते के सुधारीकरण के लिये प्रस्ताव तैयार कर लिया गया। स्वीकृति मिलते ही अगले सप्ताह पुस्ते का निर्माण करवा दिया जाएगा।
अंकित सागवान, सहायक अभियंता, लोनिवि (एनएच इकाई) रुद्रप्रयाग।
