जोशीमठ (चमोली)। चमोली जिले के जोशीमठ कोतवाली पुलिस ने गैर इरादतन हत्या और साक्ष्य छिपाने के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि घटना में संलिप्त एक व्यक्ति की खोजबीन की जा रही है। मामला बीती 15 सितम्बर का है। जिसके मृतक के पिता की ओर से दी गई शिकायत के बाद पुलिस की ओर से कार्रवाई की गई है।
बता दें कि 15 सितम्बर की रात्रि को जोशीमठ के एटी नाले के समीप एक पिकअप दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। जिसमें चालक सावन कम्दी (27) पुत्र मोहन सिंह कम्दी निवासी बड़ागांव, जोशीमठ की मौत हो गई थी। जिसके बाद मृतक के पिता मोहन सिंह कम्दी की ओर से मामले ढाक नाले के समीप हुई इनोवा कार दुर्घटना और उनके पुत्र की मृत्यु के बीच संबंध होने की आशंका जताते हुए कोतवाली जोशीमठ को लिखित शिकायत दी गई। जिस पर पुलिस की ओर से की गई जांच में ढाक नाले के समीप हुई इनोवा कार दुर्घटना में सावन कम्दी की मौत के बाद कार में सवार अमन कुमार वर्मा (28) पुत्र पन्ना लाल वर्मा निवासी म.न.-880, कमला बाजार, बंदरवन गली, थाना व जिला हाथरस, उ.प्र., आशीष भंडारी (35) पुत्र रघुनाथ भंडारी और हरेन्द्र भंडारी (37) पुत्र स्व. बुद्धि सिंह निवासी बड़ागांव, थाना जोशीमठ, जनपद चमोली व एक अज्ञात की ओर से सावन के शव को उसके पिकप वाहन में रखकर एटी नाले के समीप पहाड़ी से गिराने के साक्ष्य समाने आये। कोतवाल, राजेंद्र खोलिया ने बताया कि मामले में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने चार लोगों पर गैर इरादतन हत्या व साक्ष्य छिपाने को लेकर मुकदमा दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिसके बाद अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। जबकि एक अन्य की खोजबीन की जा रही है।
