posted on : October 4, 2021 5:38 pm

पीपलकोटी (चमोली)। चमोली जिले के पीपलकोटी हाट के जल विद्युत परियोजना के प्रभावितों ने सोमवार से जल विद्युत परियोजना की निर्मात्री कंपनी टीएचडीसी के कार्यालय के सम्मुख धरना शुरू कर दिया है।

बता दें कि बीते 22 सितम्बर को टीएचडीसी की ओर से परियोजना से प्रभावित हाट गांव के छह परिवारों के भवनों का ध्वस्तीकरण कर दिया गया था। जिसके बाद से ये सभी परिवार बेघर हो गये है और अभी तक उनके रहने की कोई व्यवस्था कंपनी की ओर से नहीं की गई है, साथ जिन परिवारों के भवनों का ध्वस्तीकरण किया गया है उन परिवारों ने भी विस्थापन की धनराशि भी नहीं ली है। ऐसे में इन परिवारों के सामने संकट पैदा हो गया है। जिसको लेकर सोमवार से ग्राम प्रधान हाट राजेंद्र प्रसाद हटवाल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने परियोजना के प्रशासनिक भवन के परिसर में धरना शुरू कर दिया है।

ग्राम प्रधान हाट का कहना है कि टीएचडीसी की ओर से जबरन ग्रामीणों के भवनों का ध्वस्तीकरण किया गया है। जबकि इन परिवारों ने अभी तक जल विद्युत परियोजना से किसी प्रकार से विस्थापन के लिए तय की गई राशि भी नहीं ली है। उनका कहना है कि परियोजना प्रभावितों ने 20 बिंदूओं पर समझौता को लेकर जिला प्रशासन से भी गुहार लगायी थी जिसके लिए तीन अक्टूबर की तिथि तय की गई थी। इससे पूर्व ही उनके भवनों को ध्वस्त कर दिया गया है। अब ऐसे में कई परिवार बेघर हो गये है। जिनके रहने की अभी तक व्यवस्था न हो पाने के कारण ये परिवार इधर-उधर भटक रहे है। उन्होंने कहा कि  बेघर हुए लोगों को न्याय दिलाने की प्रशासन से बार-बार गुहार लगायी जा रही है लेकिन अभी तक कोई हल नहीं निकला है। जिससे ग्रामीणों में खासा रोष व्याप्त है। धरना देने वालों में ग्राम प्रधान हाट राजेंद्र हटवाल, ज्येष्ठ प्रमुख पंकज हटवाल, युवक मंगल दल अध्यक्ष अमित गैरोला, शरद गैरोला,  इंद्र प्रकाश पंत, सोनू फरस्वाण, भगवती हटवाल, गुड्डी देवी, कुसुमलता देवी, मलकेश्वरी देवी, नर्वदा देवी, पीताम्बरी देवी आदि शामिल थे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!