देवाल (चमोली)। चमोली जिला सहकारी बैंक की देवाल शाखा के प्रबंधक का स्थानांतरण किये जाने की मांग को लेकर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और स्थानीय ग्रामीणों ने सोमवार को सहकारिता मंत्री डा. धनसिंह रावत और चमोली जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष गजेंद्र रावत को एक ज्ञापन भेजा है।
मातृ शक्ति संगठन देवाल की अध्यक्ष तुलसी देवी, सचिव पार्वती देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश राम, व्यापार संघ अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह रावत का कहना है कि सहकारी बैंक की देवाल शाखा में कार्यरत प्रबंधक का ग्राहकों के साथ असामान्य व्यवहार किया जा रहा है। सरकार की ओर से ग्रामीणों को सहकारिता से जोड़ने के लिए दीन दयाल सहकारिता किसान योजना चलायी जा रही है लेकिन देवाल में शाखा प्रबंधक इस योजना को संचालित करने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहे है। ग्रामीण यदि शाखा में खाता खोलना चाहिते है तो उन्हें तमाम बाते बता कर वापस लौटाया जा रहा है। जिससे इस शाखा का ग्रामीणों को कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है ग्रामीणों ने तत्काल शाखा प्रबंधक को हटाये जाने की मांग की है।
