posted on : October 10, 2021 6:57 pm

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिले के गोपेश्वर में रविवार का भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का शुभारंभ करते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजयुमों राजनीति की पहली पाठशाला है जहां से राष्ट्र प्रेम की भावना मिलती है और देश के विकास के साथ ही प्रदेश के विकास की सीख भी मिलती है। उन्होंने कहा कि भाजयुमो का हर कार्यकर्ता ब्रांडअम्बेस्डर है। इसलिए उन्हें प्रदेश के विकास के लिए सतत कार्य करते रहना चाहिए।

गोपेश्वर महाविद्यालय के व्यायामशाल में आयोजित भाजयुमो की प्रदेश कार्य समिति में बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हर कार्यकर्ता के कार्यों का अवलोकन होता है। समय पर उसकी पहचान के आधार पर उसे जिम्मेदारी सौंपी जाती है। इसका उदाहरण स्वयं वे है। इसलिए पार्टी के हर कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारियों का वहन करते रहना चाहिए। जो भी दायित्व पार्टी दे उसे निष्ठा के साथ निभाना चाहिए।

मुख्यमंत्री कहा कि वह सर्वप्रथम कार्यकर्ता हैं तत्पश्चात मुख्य सेवक है। उन्होंने कहा कि हमने 24 हजार भर्ती निकाली है जिस पर 15 अगस्त से कार्य आरंभ हो गया है और जल्द ही उस पर कार्रवाई शुरू हो जायेगी। स्वरोजगार के लिए विभिन्न स्थानों पर कैंप लगाये जा रहे है। आयु सीमा में एक वर्ष की छूट देने के साथ ही आवेदन पत्रों के शुल्क को भी समाप्त कर दिया गया है।  उन्होंने कहा कि विपक्ष उनकी घोषणाओं पर सवाल उठा रहा है पर वह विभिन्न विभागों तथा वित्त विभाग से आकलन करवा कर ही घोषणाएं कर रहे हैं जो निश्चित तौर पर धरातल पर आएंगी।

सीएम ने कहा कि हमने पर्यटन क्षेत्र को दो करोड़ का आर्थिक पैकेज के साथ ही आजीविका योजना में पुलिस को तथा राजस्व के लोगों को भी पैकेज दिया है। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक भाजयुमो लोगों के माध्यम से पहुंचकर उस तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा कर उसका जीवन स्तर बढ़ाना है।

अबकी बार उत्तराखंड में 60 पार

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि हम उत्तराखंड में इस बार 60 पार करेंगे। और यह सब हम किसी सर्वे अथवा हवाई बात नहीं कर रहे बल्कि अपने संगठन के बलबूते यह बात कर रहे है। उन्होंने कहा कि हमारा संगठन जमीन पर काम कर रहा है। युवा मोर्चा इसमें अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि इस विधान सभा चुनाव के टिकटों मेें पहले की अपेक्षा युवाओं का प्रतिनिधित्व अधिक रहेगा। उन्होंने कहा कि कहा कि प्रदेश युवा मोर्चा ने कोरोना काल के दौरान बेहतर कार्य किया और अपनी जान जोखिम में डालकर भी हर तरह से सेवा कार्यो में बढ़ चढ़कर प्रतिभाग किया। ब्लड डोनेशन, घर से पक्का भोजन, अस्पताल के आसपास किचन चलाने, मास्क, सैनिटाइजर वितरण और दवा वितरण में उन्होंने अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। 

विधान सभा चुनाव में इतिहास बदलेगा युवा मोर्चाः लटवाल

युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कुन्दन लटवाल ने कहा की भारतीय जनता युवा मोर्चा   2022 विधानसभा चुनावों में युवा मोर्चा इतिहास बदलने जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में युवा मोर्चा के प्रत्येक कार्यकर्ता  कि अबकी बार 60 के पार अबकी बार युवा सरकार का संकल्प लें लिया है हर कार्यक्रता मोदी-धामी सरकार की योजनाएं घर-घर पहुंचाकर पिछली बार से भी अधिक सीटें जिताएंगे। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्ग दर्शन में वर्तमान में भारत  प्रगति के पथ पर चल रहा है जिसके चलते आज भारत विश्व गुरु बनने की राह पर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का नेतृत्व की लंबे समय तक देश को जरूरत है। इस मौके पर युवा मोर्चे के प्रभारी कुलदीप कुमार, राष्ट्रीय महामंत्री वैभव सिंह, उपाध्यक्ष नेहा जोशी, रोहन सहगल, विधायक बदरीनाथ महेंद्र भट्ट, थराली मुन्नी देवी शाह, हरदेव सिंह, जिला उपाध्यक्ष दीपक भट्ट आदि मौजूद थे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!