थराली (चमोली)। पर्वतीय सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता कल्याण समिति ने सोमवार को थराली विकास खंड मुख्यालय पर अपनी मांगों को लेकर सरकारी कार्यक्रम अन्नोत्सव बहिष्कार करते हुए जुलूस निकाला कर प्रदर्शन किया। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी भेजकर कहा कि तब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती है तब तक उनका कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
बता दें कि पिछले दो महीने से सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता समिति, गल्ला विक्रेताओं को मानदेय दिये जाने की मांग को लेकर आंदोलनरत है। इस संबंध में सरकार से कई दौर की बातचीत होने के बावजूद भी सर्वमान्य समाधान नही निकलने पर डीलर अपने आंदोलन पर अड़े हुए हैं। आंदोलन के तहत डीलर सरकारी गोदामों से ना तों राशन उठा रहे हैं और ना ही गरीब जनता में सस्ती दरों पर वितरण होने वाला राशन बांट रहे हैं। जिसका सर्वाधिक खामियाजा गरीबों को भुगतना पड़ रहा हैं। राज्य सरकार की ओर से सोमवार को पूरे प्रदेश में अन्नोउत्सव मनाया जा रहा हैं। जिसमें सरकारी डीलरों को अहम जिम्मेदारी सौपी गई हैं, लेकिन थराली में डीलरों ने इस सरकारी कार्यक्रम का बहिष्कार करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में एक जुलूस निकाल कर प्रदर्शन किया। इस दौरान विक्रेताओं ने जमकर सरकार के विरोध में नारेबाजी की। पूर्ति निरीक्षक थराली के माध्यम से जिला पूर्ति अधिकारी को एक ज्ञापन भेजा हैं। जिसमें मांगों के पूरा नही होने तक कार्यबहिष्कार जारी रखने की चेतावनी दी हैं। इस अवसर पर संघ के ब्लाक अध्यक्ष धनराज सिंह रावत, गब्बर सिंह, प्रताप सिंह, महिपाल सिंह, विद्यादत्त, खिलाफ सिंह, कुंवर सिंह, बलवीर राम, यमुना दत्त उनियाल, अनसूया प्रसाद, कुंदन सिंह, रामप्रसाद, गोपाल दत्त, धर्म सिंह, मोहन सिंह, देवेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।
