अभी तक 2530 तीर्थ यात्री पहुंच गये चारधाम
चार्टड हैली काप्टर सेवा से 20 तीर्थयात्री श्री बदरीनाथ धाम पहुंचे
चारधाम यात्रा के सफलतापूर्वक शुरू होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रसन्नता जताई
पर्यटन-धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज ने कहा लोग चारधाम यात्रा के लिए उत्साहित
देहरादून/बदरीनाथ। उत्तराखंड चारधाम यात्रा का शनिवार से शुभारंभ हो गया है। यात्रा के लिए देवस्थानम बोर्ड की वेबसाइट पर ई पास बनने का सिलसिला जारी है। रविवार तक चारधाम के लिए 42 हजार से अधिक ई पास जारी किये जा चुके है। तथा 2530 से अधिक तीर्थयात्रियों ने चारधाम के दर्शन कर लिए है।
उच्च न्यायालय नैनीताल ने 16 सितम्बर को चारधाम यात्रा को लेकर हुई सुनवाई कर यात्रा शुरू करने के फैसला के बाद प्रदेश सरकार और देवस्थानम बोर्ड ने न्यायालय के दिशा-निर्देश के अनुसार एसओपी जारी की तथा शनिवार से चारधाम यात्रा का शुभारंभ हो गया। चार धामों श्री बदरीनाथ, श्री केदारनाथ, श्री गंगोत्री एवं श्री यमुनोत्री धाम में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
अपने संदेश में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा के सफलतापूर्वक शुभारंभ पर प्रसन्नता जताई है। पर्यटन-धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि तीर्थयात्री चारधाम यात्रा के लिए उत्साहित है।
बता दें कि श्री केदारनाथ धाम में प्रतिदिन 800(आठ सौ) श्रद्धालुओं, बद्रीनाथ धाम में 1000 (एक हजार) गंगोत्री में 600, (छह सौ) यमनोत्री धाम में कुल 400 (चार सौ) श्रृद्धालुओं को जाने की अनुमति प्रदान की गयी है। चारधाम यात्रा के उत्तराखंड से बाहर के श्रद्धालुओं के लिए देहरादून स्मार्ट सिटी पोर्टल में रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है तथा ई पास के लिए देवस्थानम बोर्ड की पर प्रत्येक श्रद्धालु को कोविड नेगेटिव रिपोर्ट अथवा वैक्सीन की डबल डोज लगी होने का सर्टिफिकेट जमा करना है। उत्तराखंड प्रदेश के लोगों को स्मार्ट सिटी पोर्टल में पंजीकरण की आवश्यकता नहीं है।
उत्तराखंड के चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जिलों में स्थित धामों होने वाली चारधाम यात्रा के दौरान आवश्यक्तानुसार पुलिस बल तैनात हो गये है। मुनिकीरेती, देवप्रयाग, टिहरी, उत्तरकाशी, बड़कोट, रूद्रप्रयाग, सोनप्रयाग, जोशीमठ, पांडुकेश्वर, सहित चारों धामों के प्रवेश मार्गो से पुलिस द्वारा तीर्थयात्रा पर नजर रखी जा रही है। धामों में श्रद्धालु किसी भी कुंड में स्नान नहीं कर रहे है। तथा कोरोना प्रोटोकॉल एवं शारीरिक दूरी का पालन अनिवार्य किया गया है। गढ़वाल आयुक्त एवं उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविनाथ रमन ने बताया कि रविवार को श्री बदरीनाथ धाम के लिए 1645, श्री केदारनाथ 2160, श्री गंगोत्री ु 788, तथा मयुनोत्री के लिए 598 ई पास जारी हुए। अब तक कुल 42 हजार से अधिक ई पास जारी हुए जिनमें दिन तक श्री बदरीनाथ धाम 9989, केदारनाथ के लिए 18934, गंगोत्री 4727, यमुनोत्री 4361 ई पास जारी हो चुके है। अभी लगातार ई पास बनाए जा रहे है। चारों धामों में रविवार अपराह्न तक 1267 तीर्थ यात्री पहुंचे जिसमें से रविवार को श्री बदरीनाथ धाम 368 तथा श्री केदारनाथ धाम 536 तीर्थ यात्रियों ने दर्शन किये जबकि श्री गंगोत्री में 275 तथा यमुनोत्री धाम में 88 तीर्थ यात्रियों ने दिन तक दर्शन किये। इस प्रकार अभी तक 2500 से अधिक तीर्थयात्री चारधाम के दर्शन कर चुके है।
देवस्थानम् बोर्ड के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी बीडी सिंह ने जानकारी दी कि देवस्थानों में आवास, खान-पान, चिकित्सा-स्वास्थ्य, स्वच्छ पेयजल, स्वच्छता पर भी फोकस किया जा रहा है। तीर्थयात्रियों तथा देवस्थानम् बोर्ड कर्मचारियों की ओर से कोरोना प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है।
देवस्थानम बोर्ड के मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि चारधाम के अलावा द्वितीय केदार रूद्रनाथ, तृतीय केदार तुंगनाथ, चतुर्थ केदार रूद्रनाथ एवं पंच बदरी योग बदरी पांडुकेश्वर, ध्यान बदरी उर्गम, भविष्य बदरी सुभाई( जोशीमठ) वृद्ध बदरी अणीमठ सहित देवस्थानम बोर्ड के अधीनस्थ मंदिरों में भी तीर्थ यात्री पहुंचे है। गोविंद घाट गुरुद्वारा से सरदार सेवा सिंह ने देवस्थानम बोर्ड को बताया कि पवित्र गुरूद्वारा हेमकुंड साहिब लोकपाल तीर्थ के लिए में रविवार को 72 श्रद्धालु मत्था टेकने पहुंचे।
