गोपेश्वर (चमोली)। आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद कपरूवाण ने कहा कि प्रदेश की जनता गैरसैण को स्थाई राजधानी के रूप में देखना चाहती थी लेकिन ग्रीष्म कालीन राजधानी बने एक वर्ष गुजरने पर सरकार ने गैरसैण को जिला बनाने की दिशा में कार्य न कर इसे कमिशनरी बना कर यहां के लोगों की भावना पर कुठाराघात किया है। उन्होंने कहा कि कमिशनरी बनाये जान का आम आदमी पार्टी इस पर कड़ा एतराज जताती है।
शनिवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए आप के प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि सरकार गैरसैंण स्थाई राजधानी के मुद्दे को भटका कर कमिशनरी घोषित कर जनता के साथ छलावा कर रही है। अगर सरकार वाकई में गैरसैंण और यहां की जनता का भला चाहती है तो सबसे पहले इसको जिला घोषित करना चाहिए था जिसकी मांग आम आदमी पार्टी भी करती है। उन्होंने कहा कि गैरसैंण मंडल बनाने और उसमंे अल्मोड़ा, बागेश्वर को जोड़ने पर सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा के अस्तित्व को खतरा पैदा हो गया। उन्होंने कहा अल्मोड़ा कुमाऊं का अभिन्न अंग है इस को कुमाउं से अलग कर के भी सरकार ने वहां के लोगों के साथ विश्वास घात किया है। अल्मोड़ा के बगैर कुमाऊं मंडल की परिकल्पना भी नही की जा सकती। यह हमेशा से कुमाऊं की संस्कृति का गढ़ रहा है ओर सरकार ने कुमाऊं के लोगों के साथ साथ यहां की संस्कृति पर भी कुठाराघात किया है।
उन्होंने कहा कि सरकार का गैरसैंण को कमिशनरी घोषित करने के फैसला समझ से परे है। आज तक सरकार पौड़ी में स्थाई कमिशनर नही बैठा पाई तो गैरसैंण कमिशनरी का फैसला महज छलावे से ज्यादा कुछ साबित नहीं होने वाला है। उन्होंने कहा कि सरकार को एक साल का समय गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी घोषित किए हो गया लेकिन यहां सरकार अभी तक प्रशासनिक अमले को नहीं बैठा पाई जबकि सरकार को पहले यहां के इलाकों में प्रशासनिक अधिकारियों को बैठाकर इसे जिले बनाकर इसकी शुरुवात करनी चाहिए थी, लेकिन सरकार के इस फैसले से पूरा प्रदेश हैरान है और इस फैसले की कड़ी आलोचना कर रही है।
