कर्णप्रयाग (चमोली)। चमोली जिले के कर्णप्रयाग में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उत्तराखंड सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कृषि कानून लाकर किसानों के हितों की रक्षा की है। इस कानून से 2022 तक देश के किसानों की आय दोगुनी हो जायेगी।
उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि जहां पहले किसान अपने उत्पादो को सिर्फ और सिर्फ मंडियों के माध्यम से ही विक्रय कर सकते थे। कुछ चुनिंदा लोगों का मंडियों पर कब्जा रहता था जिस कारण किसान बाध्य होकर मंडियों के माध्यम से ही अपने उत्पादों को विक्रय कर सकता था परंतु कृषि संशोधन अधिनियम के बाद किसानों को अपने कृषि उत्पादों को देश के किसी भी कोने में विक्रय करने की छूट दी गई है। ओपन मार्केट में अपने उत्पादों का उचित मूल्य कहीं भी किसी भी माध्यम से प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि देखने में आया है कि देश के अनेकों अनेक स्थानों पर किसानों ने ई पोर्टल के माध्यम से अपने उत्पादों की बिक्री पहले से अस्सी नब्बे प्रतिशत अधिक मूल्यों पर किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने 10 हजार एफपीओ संगठन बनाने की योजना बनाई है जिसके लिए 6865 करोड रुपए का प्रावधान रखा गया है। इसके माध्यम से किसान स्वेच्छा से अपने संगठन बनाकर कर अपने उत्पादों की बिक्री देश के किसी भी कौने में कर सकता है।
उन्होंने कहा कि देश में पहली बार लघु एवं सीमांत किसानों को किसान सम्मान निधि दी गई है। जिससे छोटे और सीमांत किसानों को बड़ा लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने कभी भी एमएसपी का विरोध नहीं किया है। एमएसपी आज भी लागू रहेगी और केंद्र सरकार आंदोलनरत सभी किसानों से वार्ता करने एवं कृषि संशोधन अधिनियम के कानूनों में बदलाव के लिए भी तैयार है परंतु कुछ राजनीतिक दल एवं कुछ मंडी के बड़े दलालों की दुकान बंद हो गई है जिस कारण इसे एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाकर आंदोलन किया जा रहा है। जो कि देश के किसानों की हित में हितकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में सिर्फ और सिर्फ पंजाब हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ही आंदोलन हो रहा है यदि किसानों का अहित होता पूरे देश में सभी किसान आंदोलनरत होते, परंतु ऐसा नहीं है। विपक्ष राजनीति कर किसानों के बीच भ्रम पैदा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश एवं प्रदेश की सरकार किसानों के हित के लिए दिन रात खड़ी है हमारा लक्ष्य 2022 तक किसान की आय को दोगनी करना है। किसान समृद्ध हो अन्नदाता का सम्मान हो इसलिए अनेकों अनेक योजनाएं कृषि आधारित स्वरोजगार पर बनाई गई है। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट, कर्णप्रयाग के विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी, थराली विधायक मुन्नी देवी आदि मौजूद थे।
