posted on : October 2, 2025 7:47 pm

गोपेश्वर (चमोली)। श्री सती शिरोमणी अनसूया देवी खल्ला गांव की रथ डोली 51 साल के लंबे अंतराल के बाद  नौ माह की देवरा यात्रा पर निकल गई है। इसके तहत देव डोली अनसूया आश्रम के प्रवास पर पहुंच गई है। शुक्रवार को देव डोली अनसूया आश्रम से केदारनाथ धाम को रवाना होगी। इससे पूर्व रथ डोली 1974 में देवरा यात्रा पर निकली थी।

गुरूवार को पूजा अर्चना के पश्चात खल्ला गांव की अनसूया देवी की रथ डोली गर्भगृह से बाहर निकली। इसके बाद देव डोली की धार्मिक रीति रिवाजों और परंपराओं के बीच हवन आदि की क्रियाएं संपन्न की गई। इस अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मां अनसूया देवी को पुष्प अर्पित कर सुख समृद्धि की मनौती मांगी। इसके बाद देव डोली क्षेत्रपाल अमदार देवता के मंदिर पहुंची। अमदार देवता से नौ माह के प्रवास पर रहने के दौरान क्षेत्रीय लोगों की सुरक्षा की रस्म निभाई गई। बाद को देव डोली भैरवनाथ के मंदिर पहुंची। भैरवनाथ से लौटकर मंदिर प्रांगण में अनसूया देवी अर्घ लगाया गया। इस अवसर पर नर नारियों ने मां अनसूया देवी की जयकारे लगाए। इस दौरान तमाम लोगों की आंखे छलछला उठी। अपराह्न तीन बजे तक सभी धार्मिक क्रियाओं को संपादन होने के बाद देवी की ओर से सभी को हरियाली देकर खुशहाली का आशीर्वाद दिया गया। इसके बाद देव डोली नौ माह की देवरा यात्रा को निकल पड़ी। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने मां अनसूया देवी के जयकारे लगाए।

मां अनसूया देवी की रथ डोली खल्ला गांव से अनसूया आश्रम को रवाना हुई। इस दौरान रास्ते में भक्तों ने देवी से आशीर्वाद लिया। सांय को देव डोली अनसूया आश्रम पहुंची तो पुजारियों ने पुष्प वर्षा से देव डोली की आगवानी की। इसके बाद देव डोली रात्रि प्रवास को मंदिर में रही। इस दौरान सभी धार्मिक क्रियाओं को संपादन किया गया। अब शुक्रवार को देव डोली की पूजा अर्चना होगी।  इसके बाद देव डोली रात्रि प्रवास को बमणाबैंड को आएगी। अगले दिन शनिवार को रथ डोली केदारनाथ धाम रवाना होगी और रात्रि प्रवास के लिए गौरीकुंड पहुंचेगी। रविवार को देव डोली केदारनाथ धाम पहुंचेगी। भगवान केदार के मंदिर में ही देव डोली का रात्रि प्रवास होगा। इसके बाद रथ डोली वापसी त्रियुगीनारायण, कालीमठ, ओकेश्वर मंदिर ऊखीमठ होते हुए बदरीनाथ धाम को रवाना होगी। देवरा यात्रा समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह नेगी, ग्राम विकास एवं धर्मस्व समिति के अध्यक्ष अयोध्या प्रसाद त्रिपाठी ने बताया कि देवरा यात्रा के दौरान रथ डोली ध्याणियों के गांवों के साथ प्रमुख तीर्थों में भी जाएगी।

देवरा यात्रा के सकुशल संपादन के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद बनाया है। पुलिस कर्मी देव डोली के साथ चल रहे हैं। अनसूया देवी आश्रम में भी पुलिस की कड़ी चौकसी की गई है। इस दौरान परमपूज्य पाद स्वामी कमलेशानंद सरस्वती महाराज, जिला पंचायत सदस्य जय प्रकाश पंवार, भाजपा जिला महामंत्री अरूण मैठाणी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विक्रम बर्त्वाल समेत तमाम श्रद्धालु मौजूद रहे।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!