घाट (चमोली)। चमोली जिले के घाट विकास खंड के ग्राम पंचायत घूनी के राजस्व ग्राम धरवाणी के लिये स्वीकृत आंगनवाड़ी केंद्र के घूनी गांव में संचालित करने का ग्रामीणों ने विरोध किया है। ग्रामीणों ने मामले में बाल विकास विभाग के अधिकारियों से स्वीकृति के अनुरुप केंद्र का संचालन धरवाणी में करवाने की मांग उठाई है।
बता दें कि ग्राम पंचायत घूनी के राजस्व ग्राम धरवाणी और भितलकुंडली तोक के ग्रामीणों की मांग पर बाल विकास विभाग की ओर से धरवाणी गांव में आंगनवाड़ी केंद्र के संचालन की स्वीकृति प्रदान की थी। लेकिन स्वीकृति के बावजूद आंगनवाड़ी कार्यकत्री की ओर से केंद्र का संचालन घूनी गांव के ल्वाठ तोक में किया जा रहा है। ऐसे में धरवाणी और भितलकुंडली के 16 बच्चों को करीब चार किलोमीटर की पैदल दूरी पार कर केंद्र में जाना पड़ रहा है। ग्राम प्रधान घूनी लखपत सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य हरीश रावत, उप प्रधान हरीश रावत, वीरेंद्र सिंह नेगी, नरेंद्र सिंह और पंकज पांडेय का कहना है कि गांव और केंद्र के बीच की चार किलोमीटर दूरी में जहां रामणी गाड़ और जंगल मौजूद है। ऐसे में यहां बड़ी दुर्घटना की संभावना बनी हुई है। कहा कि घूनी में पूर्व से दो आंगनवाड़ी संचालित की जा रही हैं। ऐसे में धरवाणी के स्वीकृत केंद्र को धूनी गांव में संचालित करवाया जाना न्यायोचित नहीं है। उन्होंने मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग उठाई है।
धूनी गांव के धरवाणी के स्वीकृत आंगनवाड़ी केंद्र के अन्यत्र संचालित होने की जानकारी ग्रामीणों की ओर से दी गई थी। जिस पर केंद्र संचालक को निर्धारित स्थान पर केंद्र के संचालन के लिखित व मौखिक आदेश दिये गये हैं। यदि मामले में केंद्र संचालक की ओर से आदेशों की अवेहलना की गई है। तो मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सोएब हुसैन, बाल विकास परियोजना अधिकारी, घाट, चमोली।
