हेमचंद्र मिश्रा
देवाल। किसी भी क्षेत्र के विकास के लिए सड़क मार्ग को मुख्य आधार माना जाता है। सड़क की हालात से क्षेत्र के विकास का अंदाजा लगाया जा सकता है। चमोली जिले की देवाल और थराली विकास खंड की जनता क्षतिग्रस्त पुल और सड़कों की दुर्दशा से बीते चार माह से परेशान हाल में है। मंत्री और विधायक के आदेश के बाद भी पुल को ठीक करने का कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है।
गौरतलब है कि ओवर लोडिंग के कारण थराली पिंडर नदी पर बने मोटर पुल के मध्य भाग में दरारें आने से 26 मई से पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि इस पुल से माल वाहक वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंधित किया गया है। जिससे देवाल क्षेत्र की लाइफ लाइन कह जाने वाली थराली-देवाल से क्षेत्र में आवश्यक सामग्री आना बंद हो गया है। 40 हजार की आवादी वाला पूरा क्षेत्र इससे प्रभावित हो गया है। क्षेत्र में माल वाहक 45 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय कर ग्वालदम-नंदकेशरी मोटर मार्ग से देवाल और थराली पहुंच रहे हैं। कुछ समय तक सड़क ठीक चली बरसात शुरू होते ही इस मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण सड़क का पूरा डामर उखड़ने लगा और जगह-जगह गढ्ढों बनने से उनमें जलभराव हो गया। जिससे इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही काफी परेशानी भरी होने लगी। 20 सितम्बर को सरकोट गांव के पास हल्द्वानी से देवाल खाद्य सामग्री लेकर आ रहा ट्रक रोड़ में धंस गया उसके बाद सड़क पर पलट गया। आक्रोशित ट्रक चालक और मालिकों ने लोडेड ट्रकों को सड़क पर खड़ा कर जाम लगाया। पुलिस ने आंदोलनकारी से वार्ता कर जाम खुलवाया। ट्रक चालकों और ट्रांसपोर्ट कम्पनी ने कहा कि जब तक मार्ग को गढ्ढा और कीचड़ मुक्त किया जाय, जब तक ऐसा नहीं होता है मार्ग से आवाजाही नहीं करने की चेतावनी दी है। लोनिवि मंत्री सतपाल महाराज ने सितंबर माह के प्रथम सप्ताह में थराली पुल का निरीक्षण करते हुए लोनिवि को शीध्र ठीक करने के आदेश दिया था, वहीं क्षेत्रीय विधायक ने पुल और ग्वालदम नंदकेशरी मोटर सड़क का निरीक्षण कर विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। लेकिन विभाग पर आदेशों का कोई असर नहीं हुआ है। अभी तक मोटर पुल और सड़क का सुधारीकरण शुरू नहीं होने से जनता में गहरी नाराजगी जताई है। लोनिवि विभाग ने शुक्रवार से सड़क पर दो जेसीबी मशीन को सुधारने के लिए भेजी गई है। लेकिन पुल जस की तस अवस्था में है।
व्यापार संघ अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह रावत, इन्द्र सिंह राणा ने कहा है कि चार माह से परिवहन निगम की दिल्ली-देवाल और देहरादून-देवाल बस देवाल नहीं पहुंचने से क्षेत्र की जनता को देश और प्रदेश की राजधानी पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
थराली क्षतिग्रस्त पुल के मरम्मत के लिए 5.77 लाख का एस्टीमेट बनाया गया है। धन स्वीकृत हो गया है। डीएम चमोली से कार्य करने की अनुमति पत्र भेजा है। अनुमति मिलने पर जल्द सुधारीकरण काम शुरू किया जाएगा। ग्वालदम नदकेशरी मार्ग की फिलिंग की जा रहीं हैं।
विरेन्द्र सिंह बसेडा, सहायक अभियंता लोनिवि थराली।
थराली पुल को ठीक करने के आदेश दिए हैं। जल्द ही काम शुरू करवाया जाएगा। ग्वालदम-नंदकेशरी मोटर मार्ग का आगंणन कर इस्टीमेट तैयार कर शासन को भेजा जा रहा है ।
भूपाल राम टम्टा विधायक थराली।
