थराली (चमोली)। चमोली जिले के थराली विकास खंड के राजकीय इंटर कॉलेज आलकोट का वार्षिकोत्सव रंगारंग कार्यक्रमों के साथ संपन्न हो गया है।
वार्षिकोत्सव का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि थराली की विधायक मुन्नी देवी शाह तथा विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह रावत ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यापर्ण और दीप प्रज्वलित कर किया। वार्षिकोत्सव में क्षेत्र की महिला मंगल दल आलकोट, भटियाणा, मैटा मल्ला, मैटा तल्ला, झींझोली की महिलाओं के ने भी प्रतिभाग किया। साथ ही विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने नंदा तेरी जात की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनमोहा। इस मौके पर स्कूली बच्चों ने चाचणी, झुमेला, चुफला की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर के पूर्व गणित विभाग के प्रोफेसर स्व. केएन जोशी के पुत्र रक्षित जोशी उनकी पत्नी ने कक्षा छ से कक्षा 12 तक के प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान की गई। पिछले वर्ष कोरोना काल के चलते यह आयोजन नहीं हो पाया था इसलिए इस वर्ष विगत वर्ष की छात्रवृत्ति का भी नगद भुगतान किया गया। साथ ही वार्षिकोत्सव की प्रतियोगिताओं में स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस मौके पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य रमेश देवराड़ी ने विद्यालय की आख्या और समस्या अतिथियों के सामने रखी। मुख्य अतिथि थराली की विधायक ने कहा कि छात्रों के बेहतरीन भविष्य के लिए हमारी सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने भवन निर्माण, मुख्य मार्ग निर्माण तथा कंप्यूटर देने की घोषणा की। विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह रावत ने विद्यालय की चारदीवारी के लिए धन आवंटन की घोषणा की। इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य दमयंती जोशी, ग्राम प्रधान विनोद जोशी, राजेंद्र प्रसाद नौटियाल, पीटीए अध्यक्ष विनोद जोशी, संजय जोशी, केएस रावत, राजेंद्र सिंह नेगी, उषा बोरा, दरवान सिंह नेगी आदि मौजूद थे।
